न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत की 96 रनों की प्रचंड जीत के बाद पूर्णिया में क्रिकेट प्रेमियों का उत्साह देखते ही बना। मैच में जीत की अंतिम मुहर लगते ही शहर के विभिन्न इलाकों से लोग सड़कों पर उतर आए और जीत का जश्न मनाने लगे। टी20 विश्वकप में भारत की जीत पर युवाओं और क्रिकेट प्रेमियों ने पटाखे जलाकर और तिरंगा लहराकर खुशी का इजहार किया।
आर. एन. साह चौक बना जश्न का केंद्र
इस जीत का मुख्य केंद्र आर. एन. साह चौक रहा, जहां हजारों की भीड़ जमा हो गई। यहां मौजूद लोगों ने आतिशबाजी की और डीजे की धुनों पर विजय जुलूस निकालकर अपनी खुशी व्यक्त की। मैच खत्म होते ही सैकड़ों युवा हाथों में तिरंगा लेकर सड़कों पर निकल पड़े और देशभक्ति गीतों के साथ जुलूस शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरा।
तिरंगे और देशभक्ति नारों के साथ निकला जुलूस
डीजे पर बजते देशभक्ति गीतों और ‘भारत माता की जय’ के नारों के बीच युवाओं की टोली तिरंगा लहराते हुए बाइक और पैदल मार्च कर रही थी। इस दौरान पूरे शहर में राष्ट्रीय गौरव और खेल के प्रति उत्साह का माहौल देखने को मिला। शहर के कई स्थानों पर लोग इस जुलूस को देखने और जश्न में शामिल होने के लिए जुटते रहे।
प्रोजेक्टर और एलईडी पर देखा गया फाइनल मैच
शहर के व्यस्ततम आर. एन. साह चौक पर बड़े प्रोजेक्टर के सामने हजारों लोग मैच देख रहे थे। इसके अलावा शहर के कई स्थानों पर बड़े एलईडी और प्रोजेक्टर लगाकर लोगों ने फाइनल मुकाबले का आनंद लिया। जैसे ही न्यूजीलैंड का अंतिम विकेट गिरा, वहां मौजूद भीड़ खुशी से झूम उठी और आतिशबाजी शुरू हो गई।
मिठाई बांटकर दी एक-दूसरे को बधाई
जश्न के दौरान लोगों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर और गले लगाकर बधाई दी। स्थानीय लोगों के अनुसार पूर्णिया में इस तरह का उत्साह लंबे समय बाद देखने को मिला है। भीड़ के कारण कुछ समय के लिए यातायात की गति भी धीमी हो गई, लेकिन पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में जश्न शांतिपूर्ण तरीके से चलता रहा।
प्रशंसकों ने जताई खुशी
जश्न के दौरान क्रिकेट प्रेमियों ने भारतीय टीम की जीत पर खुशी जाहिर की। राजीव मधुकर ने कहा कि यह जीत पूरे भारतवासियों की जीत है। उन्होंने भारतीय टीम, कोच और टीम से जुड़े सभी लोगों को बिहारवासियों की ओर से बधाई दी।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.