धनबाद जिले के गोविंदपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नीचे बाजार स्थित थाना के समीप रविवार की सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक फल विक्रेता की अस्थायी दुकान में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया और कुछ ही देर में दुकान
स्थानीय लोगों के अनुसार, सुबह के समय दुकान से अचानक तेज लपटें उठती और घना धुआं निकलता दिखाई दिया। यह नजारा देख बाजार क्षेत्र में मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। चूंकि दुकान थाना के समीप स्थित है, इसलिए कुछ ही मिनटों में बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि आसपास के लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही दुकान में रखा सारा सामान जलने लगा।
दमकल की टीम ने पाया आग पर काबू
घटना की सूचना मिलते ही गोविंदपुर थाना पुलिस और दमकल विभाग को जानकारी दी गई। सूचना पर दमकल विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, जब तक आग बुझाई गई, तब तक फल विक्रेता की अस्थायी दुकान पूरी तरह जल चुकी थी।
आगजनी की इस घटना में दुकान में रखे फल, लकड़ी का ढांचा, तराजू, पेटियां और अन्य जरूरी सामान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, इस घटना में फल विक्रेता को लाखों रुपए का नुकसान हुआ है।
आग लगने के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल आग लगने के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल सका है। आशंका जताई जा रही है कि शॉर्ट सर्किट या किसी ज्वलनशील वस्तु के कारण आग लगी हो सकती है, लेकिन इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो पाएगी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है, ताकि आग लगने के कारणों का सही-सही पता चल सके। इधर घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है। लोगों का कहना है कि पीड़ित फल विक्रेता की आजीविका पूरी तरह इसी दुकान पर निर्भर थी। ऐसे में प्रशासन को चाहिए कि पीड़ित को जल्द से जल्द उचित मुआवजा उपलब्ध कराया जाए, ताकि वह दोबारा अपना रोजगार शुरू कर सके।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.