बॉलीवुड सिंगर व रैपर बादशाह (अदित्य प्रतीक सिंह सिसोदिया) के नए गाने ‘टटीरी’ को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। गाने के बोल और वीडियो को लेकर पंचकूला के सेक्टर-20 साइबर थाना में मामला दर्ज किया गया है। यह केस चंडीमंदिर निवासी अभय चौधरी की शिकायत पर शुक्रवार (6 मार्च) को दर्ज हुआ।
इधर दूसरी तरफ हरियाणा महिला आयोग ने सिंगर-रैपर बादशाह को उनके हरियाणवी गाने टटीरी में कथित आपत्तिजनक लिरिक्स को लेकर समन भेजा है। 13 मार्च को पानीपत में सुनवाई होनी है।
पंचकूला पुलिस को दी गई शिकायत में कहा गया है कि यह गाना सोशल मीडिया और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर तेजी से वायरल हो रहा है और इसमें इस्तेमाल किए गए कुछ शब्द और दृश्य अश्लील और महिलाओं के प्रति अपमानजनक हैं। शिकायतकर्ता का आरोप है कि गाने में ‘टटीरी’ जैसे शब्दों का प्रयोग किया गया है, जिसे ‘पाठशाला’ का विकृत रूप बताया गया है। साथ ही वीडियो में स्कूल यूनिफॉर्म में लड़कियों को दिखाया गया है और कुछ बोल ऐसे हैं जो महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाते हैं और बच्चों और युवाओं पर गलत प्रभाव डाल सकते हैं।
शिकायत में गाने को तुरंत हटाने और कलाकार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है। पुलिस ने इस मामले में बीएनएस की धारा 294ए (अश्लीलता से संबंधित) और इंडिसेंट रिप्रेजेंटेशन ऑफ वुमन एक्ट, 1986 की धारा 3 और 4 के तहत केस दर्ज किया है। मामले की जांच सब-इंस्पेक्टर देशराज को सौंपी गई है। बताया जा रहा है कि यह मामला हरियाणा महिला आयोग तक भी पहुंच चुका है, जहां रैपर बादशाह को तलब किया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.