मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को धमकी देने के मामले में पाकिस्तानी डॉन शहजाद भट्टी के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। शहजाद के खिलाफ पटना के साइबर थाना में केस दर्ज किया गया है। मामले में पटना पुलिस की ओर से कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
मुस्लिम महिला के चेहरे से हिजाब हटाने पर पाकिस्तानी डॉन शहजाद भट्टी ने CM नीतीश को धमकी दी थी। उसने वीडियो जारी कर कहा कि मुख्यमंत्री सार्वजनिक तौर पर माफी मांगें, वरना बाद में ये मत कहना की चेतावनी नहीं दी गई थी।
शहजाद भट्टी हाल ही में कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई को धमकी देकर सुर्खियों में आया था। भट्टी से जान का खतरा बताते हुए लॉरेंस के तिहाड़ जेल में बंद भाई अनमोल बिश्नोई ने भी दिल्ली कोर्ट से बुलेटप्रूफ जैकेट और गाड़ी की डिमांड की थी।
बता दें कि 15 दिसंबर को बिहार में एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार नियुक्ति पत्र बांट रहे थे। इस दौरान एक महिला हिजाब पहनकर आई तो नीतीश कुमार ने पूछा कि यह क्या है और उसे अपने हाथ से हटा दिया।
इधर, नुसरत परवीन ने नौकरी जॉइन करने का मन बना लिया है। परिवार के मनाने के बाद नुसरत ने ये फैसला लिया है। देर रात महिला कोलकाता से पटना लौटी हैं। उम्मीद है वो आज की नौकरी जॉइन कर सकती हैं।
पहले जानिए पाकिस्तानी डॉन ने वीडियो में क्या कहा-
सभी लोगों ने देखा होगा कि बिहार में क्या हुआ। एक बड़े पद पर बैठा व्यक्ति एक मुस्लिम महिला के साथ ऐसा व्यवहार करता है। फिर बाद में मुझ पर आरोप लगाए जाते हैं कि शहजाद भट्टी ने यह कर दिया, वह कर दिया। उस व्यक्ति के पास अभी भी समय है कि वह उस बच्ची और उस महिला से माफी मांगे। अगर आज माफी नहीं मांगी गई, तो जिम्मेदार संस्थानों को इस पर कार्रवाई करनी चाहिए। बाद में यह मत कहना कि चेतावनी नहीं दी गई थी।”

अब जानिए आखिर पूरा मामला क्या है…
दरअसल, सोमवार को CM नीतीश कुमार आयुष डॉक्टरों को नियुक्ति पत्र बांट रहे थे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने एक महिला डॉक्टर नुसरत को पहले तो नियुक्ति पत्र दे दिया। इसके बाद उसे देखने लगे। महिला भी मुख्यमंत्री को देखकर मुस्कुराई।
CM ने हिजाब की ओर इशारा करते हुए पूछा कि ये क्या है जी। महिला ने जवाब दिया, हिजाब है सर। CM ने कहा कि हटाइए इसे। इसके बाद मुख्यमंत्री ने खुद अपने हाथ से महिला का हिजाब हटा दिया।
इस दौरान डिप्टी CM सम्राट चौधरी नीतीश कुमार को रोकने के प्रयास में उनकी आस्तीन खींचते हुए नजर आए। हिजाब हटाने से महिला थोड़ी देर के लिए असहज हो गई। आसपास मौजूद लोग हंसने लगे।
कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों ने महिला को नियुक्ति पत्र फिर थमाया और जाने का इशारा किया। महिला फिर वहां से चली गई।
3 तस्वीरों में समझिए पूरा घटनाक्रम

नीतीश कुमार ने महिला डॉक्टर को नियुक्ति पत्र सौंपा, फिर उससे कुछ बात की।

थोड़ी देर बाद मुख्यमंत्री ने महिला का हिजाब उतार दिया।

हिजाब उतारते ही आसपास मौजूद लोग हंस पड़े। महिला असहज हो गई।
कौन है शहजाद भट्टी, जिसने बिहार CM को धमकाया
शहजाद भट्टी हाल ही में कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई को धमकी देकर सुर्खियों में आया था। भट्टी से जान का खतरा बताते हुए लॉरेंस के तिहाड़ जेल में बंद भाई अनमोल बिश्नोई ने भी दिल्ली कोर्ट से बुलेटप्रूफ जैकेट और गाड़ी की डिमांड की थी।
- भू-माफिया और अंडरवर्ल्ड से कनेक्शन: शहजाद भट्टी पाकिस्तान का कुख्यात डॉन है। इस वक्त वह दुबई में रहता है। भट्टी के पाकिस्तान के भूमाफिया और अंडर वर्ल्ड के बड़े गैंगस्टरों से संबंध हैं। इसके चलते पाकिस्तान ने शहजाद भट्टी पर पाबंदी भी लगा रखी थी। मई महीने में करीब 5 साल बाद भट्टी पाकिस्तान आया था।
- फारुख खोखर का राइट हैंड, कई देशों में नेटवर्क: भट्टी पाकिस्तान के कुख्यात माफिया फारुख खोखर का राइट हैंड है और उसी के लिए वह काम करता है। उसका नेटवर्क यूरोप, यूके (यूनाइटेड किंगडम), अमेरिका, कनाडा, पाकिस्तान और दुबई सहित अन्य देशों में भी चलता है।
- बम बनाने और हथियारों की तस्करी करता है: शहजाद भट्टी का बम और हथियार तस्करी को लेकर एक बड़ा नेटवर्क पूरी दुनिया में फैला हुआ है। फिर चाहे वह किसी भी तरह का हथियार हो। पैसे लेकर हथियार चाहे चीन, अमेरिका या फिर रूस से मंगवाने हों। सब तरफ से उसका नेटवर्क काम करता है।
- भारत के क्रिमिनल भी इससे हथियार लेते हैं: कई बार मॉडर्न हथियारों के साथ भट्टी अपने फोटो वीडियो भी अपलोड करता है। उसके हथियारों का बड़ा हिस्सा भारत में भी भेजा जाता है। भारत के कई क्रिमिनल भट्टी के जरिए ही हथियार मंगवाते हैं, जो कि पाकिस्तान सीमा से भारत में लाए जाते हैं।
- शेर पालने का शौकीन: शहजाद भट्टी को शेर पालने का भी बहुत शौक है। चाहे वह पाकिस्तान में रह रहा हो, या दुबई और यूरोप में। सभी जगह उसने और उसके साथियों ने शेर पाल रखे हैं। भट्टी अपने पालतू शेरों के साथ वीडियो और फोटो भी शेयर करता है।

Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.