सर्दियों में वेलवेट सूट का ट्रेंड फिर छा गया है, लेकिन इसकी असली खूबसूरती सिर्फ अच्छे फैब्रिक से नहीं बल्कि बेहतरीन कटिंग, सही लाइनिंग और परफेक्ट टेलरिंग से निखरती है. दिशा गलत काट दी, भारी लाइनिंग लगा दी या फिटिंग ज्यादा टाइट हो गई, तो पूरा लुक फीका पड़ जाता है. वेलवेट को थोड़ी हवा, नफासत और टेलर की समझ चाहिए.
सर्दियां आते ही वेलवेट सूट का क्रेज बढ़ जाता है. महिलाएं बाजार से बढ़िया फैब्रिक ढूंढती हैं और मनचाहा डिजाइन बनवाने के लिए टेलर के पास जाती हैं. लेकिन, अगर सिलाई सही न हो या टेलरिंग की तकनीक ठीक न लगे, तो पूरा आउटफिट फीका पड़ जाता है और उसकी चमक व स्टाइल दोनों गायब हो जाते हैं.

वेलवेट की सतह पर छोटे-छोटे रेशे होते हैं, जो उसे खास चमक देते हैं. कटिंग में अगर ध्यान न दिया जाए और कपड़े के हर हिस्से को अलग-अलग दिशा में काट दिया जाए, तो तैयार सूट में कुछ जगह ज्यादा चमक आएगी और कुछ हिस्से फीके दिखेंगे. इससे पूरा सूट बेमेल नजर आएगा.

वेलवेट को गिरावट और आराम चाहिए. अगर उसके अंदर मोटी कॉटन की लाइनिंग लगा दी जाए, तो सूट भारी भी लगता है और शरीर से चिपकता भी है, जिससे उसकी खूबसूरती कम हो जाती है. बेहतर लुक और फिट के लिए क्रेप या सैटिन की लाइनिंग सबसे सही रहती है.
Add News18 as
Preferred Source on Google

कुछ टेलर आसान सिलाई के लिए वेलवेट पर फ्यूजिंग चिपका देते हैं. इससे कपड़े की चमक कम हो जाती है और अगर ज्यादा गर्म प्रेस कर दी जाए, तो सतह खराब हो जाती है. हल्के फिनिश वाला वेलवेट ही अच्छा दिखता है और पहनने में भी सही रहता है.

सस्ता या कमजोर वेलवेट जल्दी दब जाता है और उसकी शाइन भी जल्दी चली जाती है. सिल्की या माइक्रो वेलवेट, जो अच्छी क्वालिटी का हो, उसमें न सिर्फ शाइन बनी रहती है बल्कि सिलाई भी स्मूथ आती है. अच्छा कपड़ा चुनेंगे, तो सूट की फिटिंग और लुक दोनों शानदार मिलेंगे.

अगर कुर्ता जरूरत से ज्यादा फिट सिलवा लिया जाए, तो सिलाई की लाइनों पर सिलवटें आ जाती हैं और वेलवेट का लुक खराब हो जाता है. वेलवेट थोड़ा ढीला ही अच्छा लगता है, क्योंकि यह खुद भारी फैब्रिक है और उसे हल्की जगह चाहिए होती है.

वेलवेट सूट की खूबसूरती सही कटिंग, सही लाइनिंग और अच्छे कपड़े पर टिकी होती है. टेलर की समझ पूरी आउटफिट को बदल सकती है. सिलाई से पहले कपड़े की दिशा, फिटिंग और डिजाइन पर ध्यान देना जरूरी है. तभी सूट की रौनक बनी रहेगी और हर बार पहनने पर तारीफ मिलेगी.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.