गुरुग्राम जिले के फर्रुखनगर में प्रस्तावित फिल्म ‘यादव जी की लव स्टोरी’ को लेकर यादव समाज में विरोध तेज हो गया है। समाज के प्रतिनिधियों ने फिल्म की रिलीज पर रोक लगाने की मांग करते हुए हरियाणा के मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन फर्रुखनगर तहसीलदार प्रतीक यादव को सौंपा। जानकारी के अनुसार, यूट्यूबर मृदुल तिवारी और उनकी बहन प्रगति तिवारी द्वारा निर्मित यह फिल्म जल्द रिलीज होने वाली है। ज्ञापन में कहा गया है कि फिल्म की विषयवस्तु से यादव समाज में नाराजगी है और इससे समाज में गलत संदेश जाने की आशंका है। प्रशासन से समय रहते कदम उठाने की मांग ज्ञापन में कहा गया है कि भारत विभिन्न धर्म, जाति और संस्कृति का देश है। जहां आपसी भाईचारा और सामाजिक सौहार्द हमारी सबसे बड़ी ताकत है। ऐसे में किसी भी ऐसी सामग्री से बचना आवश्यक है, जो किसी समाज की भावनाओं को आहत करे। यादव समाज के प्रतिनिधियों ने आशंका जताई है कि इस फिल्म को लेकर कई स्थानों पर असंतोष बढ़ रहा है, जो भविष्य में कानून-व्यवस्था की समस्या का रूप ले सकता है। उन्होंने प्रशासन से समय रहते उचित कदम उठाने की मांग की है ताकि सामाजिक शांति और भाईचारा बना रहे। तहसीलदार से मिलने वालों में यह लोग रहे शामिल इस अवसर पर यादव सभा फरुखनगर के अध्यक्ष जीतराम यादव, उपाध्यक्ष राजकुमार फौजी, सचिव सुनील यादव, संयुक्त सचिव पदम सिंह, चेयरमैन संदीप यादव, महावीर मास्टर, जेपी मास्टर, महेंद्र नंबरदार, रामवीर यादव (बस सर्विस), गोविंद सरपंच, रमेश सरपंच, पृथ्वी सरपंच, अमर सिंह सरपंच, वाइस चेयरमैन प्रदीप यादव, हेमंत यादव, एडवोकेट विनय कुमार, सुरेंद्र नंबरदार और विकास सरपंच सहित यादव समाज के अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। समाज के पदाधिकारियों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से बचा जा सके और क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम रहे।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.