ओडिशा के रायगड़ा जिले में खरीफ सीजन 2025-26 के तहत धान खरीद की शुरुआत से पहले ही प्रशासन को किसानों के कड़े विरोध का सामना करना पड़ा। बुधवार को रेगुलेटेड मार्केट कमेटी यार्ड में प्रस्तावित धान खरीद केंद्र का उद्घाटन किसानों के उग्र प्रदर्शन के कारण रद्द कर दिया गया। स्थिति इतनी तनावपूर्ण हो गई कि एडिशनल डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट बिना उद्घाटन किए ही वापस लौट गए।
जिला प्रशासन पहले ही घोषणा कर चुकी थी कि जिले में धान खरीद की प्रक्रिया 17 दिसंबर से शुरू होगी। इस संबंध में 12 दिसंबर को कलेक्टरेट की सिविल सप्लाई शाखा ने आधिकारिक पत्र जारी कर मीडिया को सूचित किया था। एडीएम को सुबह 11 बजे उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल होना था। लेकिन उद्घाटन से पहले ही बड़ी संख्या में किसान यार्ड में एकत्र हो गए और टोकन वितरण में भारी अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया। किसानों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और उद्घाटन कार्यक्रम रोक दिया।
प्रदर्शन कर रहे किसानों का आरोप है कि इस वर्ष धान खरीद के लिए केवल लगभग 30 प्रतिशत पंजीकृत किसानों को ही टोकन जारी किए गए हैं, जबकि पिछले वर्ष यही आंकड़ा 80 प्रतिशत के आसपास था। किसानों का कहना है कि टोकन सिस्टम में पक्षपात, गड़बड़ी और मनमानी हो रही है, जिससे वास्तविक और छोटे किसान पूरी तरह से बाहर कर दिए गए हैं। किसानों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि जब तक सभी पात्र किसानों को टोकन नहीं मिलते और व्यवस्था पारदर्शी नहीं बनती, तब तक न धान खरीद होगी और न ही मंडी का उद्घाटन।
73,200 मीट्रिक टन खरीद का लक्ष्य अधर में: रायगडा जिले में इस खरीफ सीजन के लिए 73,200 मीट्रिक टन धान खरीद का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। लेकिन किसानों के इस विरोध ने पूरी धान खरीद प्रक्रिया की पारदर्शिता, निष्पक्षता और प्रशासनिक तैयारी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यदि समय रहते टोकन व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया, तो आने वाले दिनों में विरोध और तेज होने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
प्रशासन घिरा, कोई आधिकारिक बयान नहीं किसानों के विरोध के चलते उद्घाटन कार्यक्रम रद्द करना पड़ा। एडीएम को बिना किसी औपचारिकता के वापस लौटना पड़ा। खबर लिखे जाने तक जिला प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। हालांकि प्रशासनिक सूत्रों का कहना है कि टोकन वितरण से जुड़ी शिकायतों की जांच की जा रही है और जल्द समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.