Faridabad News: फरीदाबाद में शिक्षा विभाग ने छोटे बच्चों के लिए 1 जनवरी से 15 जनवरी तक स्कूलों में छुट्टियां घोषित की हैं. इस बार बच्चों के लिए खास विंटर होमवर्क पैकेज तैयार किया गया है, जिसमें घर और आसपास की चीज़ों से सीखना, परिवार की परंपराएं जानना और डिजिटल कौशल सीखना शामिल है. यह पैकेज बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ व्यवहारिक ज्ञान और जीवन कौशल सिखाएगा.
ऊंचा गांव के सरकारी प्राइमरी स्कूल में पढ़ाने वाले देवेंद्र गौड़ बताते हैं कि निपुण भारत और निपुण हरियाणा प्रोजेक्ट के तहत स्कूल हर छुट्टी में बच्चों को व्यवहारिक और मजेदार होमवर्क देते हैं. इसका उद्देश्य है कि बच्चे सिर्फ किताबों तक सीमित न रहें, बल्कि आसपास की दुनिया को देखें, समझें और परिवार के साथ सीखें.
इस बार के विंटर होमवर्क में बच्चों को घर और आसपास की चीज़ों से सीखने के मौके दिए गए हैं. जैसे कि घर में इस्तेमाल होने वाली चीजें किससे बनी हैं, उनका आकार-प्रकार क्या है, और उनका इस्तेमाल कैसे होता है. साथ ही, परिवार की परंपराएं, विरासत और त्योहारों के बारे में भी जानना है. बच्चों को यह पता करना है कि घर में कौन-कौन से त्योहार मनाए जाते हैं और उन्हें कैसे मनाया जाता है. इसके लिए वे माता-पिता, दादा-दादी और नाना-नानी से जानकारी जुटाएंगे.
कहानियों और अनुभव से सीखना
बच्चों को अपने बुजुर्गों से कहानियां सुनने के लिए भी कहा गया है ताकि वे उनके अनुभव और संस्कारों से सीख सकें. इसके साथ ही डिजिटल इंडिया के इस युग में बच्चों को मोबाइल और ऐप्स का सही इस्तेमाल भी सिखाया जा रहा है. जैसे कि गूगल मैप से अपनी लोकेशन कैसे पहचानें, दूरी कैसे मापें और आस-पास के इलाके के बारे में जानकारी कैसे लें.
पढ़ाई और जीवन कौशल दोनों पर ध्यान
विंटर होमवर्क पैकेज में गणित और हिंदी के छोटे-छोटे काम भी दिए गए हैं. इसके साथ बच्चों के जीवन कौशल पर भी ध्यान दिया गया है. सर्दी के मौसम में क्या खाना चाहिए, कैसे बचें, कौन-कौन से कपड़े पहनें और इस सीजन में कौन से त्योहार आते हैं, ये सब भी बच्चों को सिखाया जाएगा.
देवेंद्र गौड़ बताते हैं कि बच्चों को सब्जी मंडी, आस-पास की वाटिका या बाजार जाकर जानकारी इकट्ठा करने के लिए भी कहा गया है. इससे बच्चों को व्यवहारिक ज्ञान मिलेगा और वे अपने आस-पास के वातावरण को बेहतर तरीके से समझ सकेंगे.
परिवार और समाज से जुड़ने का नया तरीका
गर्मी की छुट्टियों में ऑपरेशन सिंदूर के तहत बच्चों को देशभक्ति से जुड़ा होमवर्क दिया गया था. इसी तरह इस बार सर्दी के मौसम को ध्यान में रखते हुए नया प्रयास किया गया है. कुल मिलाकर यह विंटर होमवर्क पैकेज बच्चों के लिए सीखने का एक नया, मजेदार और बढ़िया तरीका बन गया है जिसमें पढ़ाई के साथ-साथ परिवार और समाज से जुड़ने का मौका भी मिलता है.
About the Author
सीमा नाथ पांच साल से मीडिया के क्षेत्र में काम कर रही हैं. शाह टाइम्स, उत्तरांचल दीप, न्यूज अपडेट भारत के साथ ही लोकल 18 (नेटवर्क18) में काम किया है. वर्तमान में मैं News18 (नेटवर्क18) के साथ जुड़ी हूं, जहां मै…और पढ़ें
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.