Faridabad Latest News : फरीदाबाद में शादियों के सीजन के बीच बल्लभगढ़ का राजा नाहर सिंह महल रॉयल वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में चर्चा में है. ऐतिहासिक वास्तुकला और भव्य प्रांगण के कारण यहां 6–7 महीने पहले ही बुकिंग फुल हो जाती है. कम किराए में शाही माहौल मिलने से यह स्थल दूल्हा-दुल्हन और परिवारों की पहली पसंद बन चुका है.
ऐतिहासिक महल में रॉयल वेडिंग का क्रेज
बल्लभगढ़ की पहचान बन चुका राजा नाहर सिंह महल अपनी खूबसूरती और विरासत के कारण अलग ही स्थान रखता है. विशाल आंगन, पारंपरिक स्थापत्य शैली और ऐतिहासिक दीवारें शादी समारोह को खास बना देती हैं. काउंट इंचार्ज सतीश कुमार गौरिया के अनुसार शादी के सीजन में यहां 6 से 7 महीने पहले ही बुकिंग फुल हो जाती है. ऐसे में जो लोग यहां शादी का सपना देखते हैं, उन्हें समय रहते तारीख तय करनी होती है.
कितनी है फीस और क्या मिलती है सुविधा
महल में शादी के लिए 51,920 रुपये (GST सहित) का शुल्क लिया जाता है. यह केवल स्थल का किराया है. पहले एक कमरा निःशुल्क दिया जाता था, लेकिन नई सरकारी गाइडलाइंस के बाद यह सुविधा बंद कर दी गई है. यदि अतिरिक्त कमरा चाहिए तो उसका अलग शुल्क देना होगा. एडवांस के तौर पर 36,500 रुपये जमा कराने होते हैं. शेष राशि शादी वाले दिन चुकानी होती है. सफाई का खर्च इसी शुल्क में शामिल है.
बाकी व्यवस्थाएं खुद करनी होंगी
महल प्रशासन की ओर से केवल स्थान उपलब्ध कराया जाता है. कैटरिंग, सजावट, जनरेटर और अन्य व्यवस्थाएं आयोजक को स्वयं करनी पड़ती हैं. इसके बावजूद कम शुल्क और ऐतिहासिक माहौल के कारण यह स्थल लोकप्रिय बना हुआ है. रात के समय जब महल रोशनी और फूलों की सजावट से सजा होता है, तो वातावरण सचमुच शाही नजर आता है. यही कारण है कि कम बजट में रॉयल वेडिंग चाहने वालों के लिए यह आकर्षण का केंद्र है.
फिल्मों और वेब सीरीज की पसंदीदा लोकेशन
राजा नाहर सिंह महल सिर्फ शादियों के लिए ही नहीं, बल्कि फिल्म और वेब सीरीज शूटिंग के लिए भी प्रसिद्ध है. यहां अमिताभ बच्चन और अक्षय कुमार जैसे कलाकार शूटिंग कर चुके हैं. ऊंचाई, रक्षाबंधन, गैंग पार्ट 2 और फगली जैसी फिल्मों के दृश्य भी यहां फिल्माए गए हैं. कई बड़े ब्रांड और वेब सीरीज भी इस ऐतिहासिक स्थल को अपनी शूटिंग लोकेशन के रूप में चुनते हैं. इससे इसकी पहचान और भी मजबूत हुई है.
क्यों बन रहा है पहली पसंद
सतीश कुमार के अनुसार 2023 से उनकी यहां पोस्टिंग है और तब से उन्होंने देखा है कि जो भी यहां शादी करता है, उसे रॉयल अनुभव मिलता है. ऐतिहासिक परिवेश, विशाल प्रांगण और पारंपरिक वास्तुकला शादी को यादगार बना देते हैं. यही वजह है कि फरीदाबाद और आसपास के क्षेत्रों में यह स्थल तेजी से लोकप्रिय हो रहा है.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.