फरीदाबाद रेलवे स्टेशन पर ट्रेन में सवार होते यात्री।
रेल मंत्रालय द्वारा घोषित रेल किराया वृद्धि शुक्रवार से लागू हो गई है। इसके बाद फरीदाबाद से विभिन्न स्टेशनों तक मेल, एक्सप्रेस और सुपरफास्ट ट्रेनों के जनरल टिकट के किराए में 5 रुपए से लेकर 35 रुपए तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। किराए में इजाफा होते ही
सबसे अधिक असर फरीदाबाद से बिहार जाने वाले यात्रियों पर पड़ा है। इस रूट पर जनरल टिकट के किराए में 30 से 35 रुपए तक की बढ़ोतरी की गई है। बिहार के लिए सफर करने वाले मजदूरों, छात्रों और आम यात्रियों का कहना है कि पहले से महंगे सफर पर अब अतिरिक्त बोझ पड़ गया है।
फरीदाबाद रेलवे स्टेशन पर खड़ी लोकल ट्रेन।
नजदीकी स्टेशनों का सफर भी हुआ महंगा
वहीं मथुरा और आगरा जैसे नजदीकी स्टेशनों तक का सफर भी महंगा हो गया है। फरीदाबाद से मथुरा की दूरी करीब 113 किलोमीटर और आगरा की दूरी लगभग 167 किलोमीटर है, जो 215 किलोमीटर की सीमा के भीतर आती है। इसके बावजूद एक्सप्रेस ट्रेनों के जनरल टिकट में पांच रुपए की बढ़ोतरी कर दी गई है। इससे दैनिक यात्री भी प्रभावित हुए हैं, जो रोजाना या बार-बार इन रूटों पर सफर करते हैं।
गौरतलब है कि हाल ही में रेल मंत्रालय ने घोषणा की थी कि 215 किलोमीटर तक की दूरी के सफर में किसी प्रकार की किराया वृद्धि नहीं की जाएगी, जबकि 216 किलोमीटर से अधिक दूरी पर यात्रियों को एक से दो पैसे प्रति किलोमीटर अतिरिक्त किराया देना होगा।
हालांकि फरीदाबाद से 215 किलोमीटर से कम दूरी वाले स्टेशनों के किराए में भी पांच रुपए तक की बढ़ोतरी कर दी गई है, जिससे यात्रियों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है।

फरीदाबाद रेलवे स्टेशन पर खड़ी लोकल ट्रेन।
रेलवे सूत्रों के अनुसार दूरी के हिसाब से अलग-अलग स्टेशनों के जनरल टिकट के किराए में पांच से 15 रुपए तक की बढ़ोतरी की गई है। वहीं सुपरफास्ट ट्रेनों से सफर करने वाले यात्रियों को बढ़े हुए किराए के साथ 15 रुपए अतिरिक्त भी देने होंगे।

फरीदाबाद रेलवे स्टेशन से चलने वाली लोकल ट्रेनों का भी किराया बढ़ाया गया है।
मथुरा की ओर प्रमुख स्टेशनों का बढ़ा किराया
झांसी – 145 रुपए (पहले 135 रुपए) खजुराहो – 215 रुपए (पहले 205 रुपए) ग्वालियर – 115 रुपए (पहले 105 रुपए) ललितपुर – 170 रुपए (पहले 160 रुपए) उज्जैन – 250 रुपए (पहले 235 रुपए) कोटा – 160 रुपए (पहले 150 रुपए)
दिल्ली की ओर प्रमुख स्टेशनों का नया किराया
सोनीपत – 50 रुपए (पहले 45 रुपए) अंबाला – 95 रुपए (पहले 90 रुपए) लुधियाना – 135 रुपए (पहले 125 रुपए) चंडीगढ़ – 125 रुपए (पहले 120 रुपए) जम्मू – 210 रुपए (पहले 200 रुपए) कटरा – 230 रुपए (पहले 215 रुपए)

फरीदाबाद रेलवे स्टेशन पर टिकट लेने के लिए खड़े यात्री।
बिहार के प्रमुख स्टेशनों का बढ़ा किराया
पटना – 315 रुपए (पहले 305 रुपए) बेगूसराय – 355 रुपए (पहले 350 रुपए) भागलपुर – 355 रुपए (पहले 330 रुपए) गया – 310 रुपए (पहले 290 रुपए)
कुल मिलाकर रेल किराए में हुई इस बढ़ोतरी से आम यात्रियों पर आर्थिक बोझ बढ़ गया है। यात्रियों का कहना है कि पहले ही महंगाई से जूझ रही जनता के लिए रेल किराया वृद्धि परेशानी का कारण बन रही है। खासकर रोजाना सफर करने वाले और लंबी दूरी तय करने वाले यात्रियों के लिए यह बढ़ोतरी भारी पड़ रही है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.