फरीदाबाद में विकास कार्यों के चलते नगर निगम ने मुजेसर रेलवे फाटक के पास अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। गुरुवार दोपहर बाद नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची और जेसीबी से करीब 50 से अधिक छोटी दुकानों और झुग्गियों को हटाया गया। कार्रवाई के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थानीय पुलिस भी मौके पर मौजूद रही। ड्यूटी मजिस्ट्रेट के रूप में HSVP विभाग से योगेश कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि मुजेसर रेलवे फाटक के पास रेलवे अंडरपास का निर्माण कार्य प्रगति पर है। अंडरपास निर्माण के लिए इस एरिया को खाली कराना जरूरी था, क्योंकि आगामी दिनों में यहां खुदाई और अन्य निर्माण कार्य किए जाने हैं। पांच माह पहले नोटिस दिया था उन्होंने बताया कि रेलवे फाटक के आसपास लंबे समय से लगभग 50 से अधिक अस्थायी दुकानें और झुग्गियां बनी हुई थीं। विभाग ने करीब पांच महीने पहले नोटिस जारी कर जगह खाली करने के निर्देश दिए गए थे। सर्वे कर मार्किंग भी की गई थी इसके बाद एक माह पहले दोबारा नोटिस जारी किया गया और सर्वे कर सभी दुकानों और झुग्गियों पर मार्किंग की गई थी, जिन्हें हटाया जाना था। निर्धारित समय के भीतर स्थान खाली नहीं किए जाने पर नियमानुसार यह कार्रवाई की गई। नगर निगम अधिकारियों के अनुसार यह अभियान पूर्व सूचना और प्रशासनिक प्रक्रिया के तहत संचालित किया गया। प्रशासन का कहना है कि अंडरपास बनने से मुजेसर क्षेत्र में यातायात व्यवस्था सुचारू होगी और आमजन को आने-जाने में सुविधा मिलेगी।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.