फरीदाबाद में होली के त्योहार को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से मनाने के लिए पुलिस प्रशासन ने व्यापक और पुख्ता सुरक्षा प्रबंध किए हैं। जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी पुलिस अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। सार्वजनिक स्थानों, बाजारों, कॉलोनियों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस की पैनी नजर रहेगी। असामाजिक तत्वों और हुड़दंग करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। डीसीपी सेंट्रल उषा ने कहा कि होली आपसी प्रेम, भाईचारे और धार्मिक आस्था का प्रतीक है, इसलिए सभी लोग इसे शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाएं। उन्होंने बताया कि यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस द्वारा व्यापक स्तर पर चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। शराब पीकर वाहन वालों पर नजर शराब पीकर वाहन चलाने वालों, ट्रिपल राइडिंग करने वालों और ब्लैक फिल्म लगे वाहनों पर विशेष नजर रखी जाएगी। अक्सर देखा जाता है कि कुछ लोग भांग या शराब के नशे में तेज गति से वाहन चलाते हैं, जिससे गंभीर सड़क दुर्घटनाएं हो जाती हैं। ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी ताकि आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। महिलाओं के साथ किसी भी प्रकार की अभद्रता या छेड़छाड़ की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए भी विशेष पुलिस बल तैनात रहेगा। बाजारों और प्रमुख चौराहों पर करीब एक हजार पुलिसकर्मी ड्यूटी पर मौजूद रहेंगे। अतिरिक्त पुलिस बल रहेगा तैनात इसके अलावा 70 से अधिक पेट्रोलिंग पार्टियां जिले में लगातार गश्त करेंगी और 50 से ज्यादा स्थानों पर नाकाबंदी कर वाहनों की चेकिंग की जाएगी। फाग के दिन सरकारी अस्पतालों पर भी अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके। अपराध शाखाओं की टीमें भी सक्रिय रहकर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखेंगी। पुलिस प्रशासन सोशल मीडिया पर भी नजर रखेगा। भ्रामक, भड़काऊ या आपत्तिजनक पोस्ट करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फरीदाबाद पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे होली का त्योहार शांतिपूर्ण तरीके से मनाएं। इस समय रमजान का पवित्र महीना भी चल रहा है, इसलिए सभी समुदाय आपसी भाईचारे और सौहार्द का परिचय दें और किसी की धार्मिक भावनाओं को ठेस न पहुंचाएं। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सुरक्षा के सभी जरूरी कदम उठाए गए हैं ताकि लोग सुरक्षित माहौल में त्योहार का आनंद ले सकें।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.