कई बार हादसे हो चुके हैं
पदम सिंह जो यहीं रहते हैं, बताते हैं कि ये तार मकानों से इतनी नजदीक है कि कई बार हादसे हो चुके हैं. दो-तीन बंदर तो इसी में चिपककर मर भी चुके हैं. एक बार एक लड़का भी इसकी चपेट में आया गनीमत रही कि उसकी जान बच गई. पदम कहते हैं 18 दिसंबर 2025 को गांववालों ने SDO को लिखित शिकायत दी थी लेकिन दो महीने से ज्यादा हो गए किसी ने ध्यान नहीं दिया कोई कार्रवाई नहीं हुई.
बारिश के मौसम में खतरा और बढ़ जाता है
सुमरपाल, गांव के ही एक और निवासी कहते हैं कि बारिश के मौसम में खतरा और बढ़ जाता है. पानी गिरते ही डर रहता है कि कहीं पूरे घर में करंट न दौड़ जाए. कई जगह तो तार घर की दीवार छूकर निकल रहा है, तो लोग हमेशा डरे रहते हैं.
अरुण बताते हैं कि कुछ घरों के ऊपर से ये हाई टेंशन तार गुज़र रहा है. वो चाहते हैं कि प्रशासन इस लाइन को थोड़ा साइड में कर दे ताकि सबको राहत मिल सके. उनका कहना है यहां छोटे-छोटे बच्चे रहते हैं ऊपर मजदूर काम कर रहे हों और गलती से तार छू जाए तो जानलेवा हादसा हो सकता है.
वीरेंद्र तो यहां तक कहते हैं कि अगर चार-पांच दिनों में कुछ नहीं हुआ तो गांववाले खुद ही तार काटकर फेंक देंगे. लोग सालों से इस खतरे के साथ जी रहे हैं शिकायत करते-करते थक चुके हैं लेकिन कोई सुन ही नहीं रहा.
दो-तीन बंदर तो तार से चिपककर मर चुके हैं
ऋषि पाल जिनके घर के ऊपर से ये तार गुजर रहा है बताते हैं कि उनके यहां अभी निर्माण काम चल रहा है. छत पर पानी डालने में भी डर लगता है. दो-तीन बंदर तो तार से चिपककर मर चुके हैं एक मिस्त्री का लड़का भी बाल-बाल बचा. पंचायत के लेटरहेड पर एसडीओ को शिकायत भी दी लेकिन कोई हल नहीं निकला.
मदनपाल का कहना है कि ये तार पिछले दस साल से ऐसे ही घरों के ऊपर से गुजर रहा है कई बार शिकायत की लेकिन हालात जस के तस हैं. उनका कहना है कि ये मकान लाल डोरे के अंदर हैं ऐसे में इतनी हाई वोल्टेज लाइन का ऊपर से गुजरना बहुत खतरनाक है.
गांव की बुजुर्ग महिला सुधीर देशना कहती हैं कि घर में छोटे बच्चे हैं ऊपर घर बनाने की जरूरत है, लेकिन तार की वजह से हमेशा डर बना रहता है. बीरवती और रेखा जैसी महिलाएं भी परेशान हैं परिवार बढ़ रहा है, दूसरी मंजिल बनवानी है, लेकिन मजदूर काम करने को ही तैयार नहीं, क्योंकि तार बहुत पास से निकलता है.
कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है
इस बारे में जब Local18 ने जेईई जोगिंद्र से फोन पर बात की, तो उन्होंने कहा कि वो जल्दी ही मौके पर आकर देखेंगे और कोशिश करेंगे कि तार हटाया जाए, लेकिन गांववाले कहते हैं अगर जल्दी कुछ नहीं हुआ तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.