Haryana Weather Update: मार्च की शुरुआत में ही हरियाणा में गर्मी ने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं. कई जिलों में तापमान सामान्य से करीब 7.5 डिग्री ज्यादा दर्ज हुआ. नारनौल में 37.5 डिग्री तक पारा पहुंच गया। मौसम विभाग के मुताबिक 14 मार्च को पश्चिमी विक्षोभ के असर से हल्की बारिश और तेज हवाओं के साथ तापमान में करीब 2 डिग्री की गिरावट संभव है.
तापमान रोज़ ऊपर जा रहा है
फरीदाबाद सहित पूरे दिल्ली-एनसीआर में तो गर्मी ज्यादा ही महसूस हो रही है. तापमान रोज़ ऊपर जा रहा है लोग पसीना-पसीना हो रहे हैं. आईएमडी के चंडीगढ़ मौसम केंद्र के ताजा आंकड़ों के हिसाब से देखें तो 11 मार्च को हरियाणा में औसत अधिकतम तापमान में कल के मुकाबले 0.7 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई है. सोचने वाली बात ये है कि इस समय यहां का तापमान सामान्य से करीब 7.5 डिग्री ज्यादा है, जो मार्च के हिसाब से काफी अजीब है.
महेन्द्रगढ़ में सबसे ज्यादा रहा तापमान
अगर जिलावार देखें तो 11 मार्च को सबसे ज्यादा तापमान नारनौल, महेंद्रगढ़ में 37.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ. भिवानी में 37.2, नूंह में 36.9 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा. हिसार और महेन्द्रगढ़ में 36.4 डिग्री, पलवल में 36.2, चरखी दादरी में 35.9, भिवानी में 35.5 और गुरुग्राम में करीब 35.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया. रोहतक में 33.7, करनाल में 33.2 और पानीपत में 32.3 डिग्री सेल्सियस रहा. यमुनानगर के हथिनीकुंड में 31.5 डिग्री तापमान दर्ज हुआ जो लिस्ट में सबसे कम था.
गर्मी से राहत नहीं
फरीदाबाद और दिल्ली एनसीआर में भी गर्मी का असर साफ दिख रहा है. मौसम विभाग कह रहा है कि यहां तापमान 37 डिग्री तक जा सकता है और रात में भी पारा 19 डिग्री के आसपास रहेगा. बीते 24 घंटे में करीब 17 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा जरूर चली पर गर्मी से ज्यादा राहत किसी को नहीं मिली.
तापमान में आएगी गिरावट
मौसम विभाग के मुताबिक 14 मार्च को नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने वाला है. इसके असर से हरियाणा के कई इलाकों में हल्की बारिश और गरज-चमक हो सकती है. 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज हवाएं भी चलेंगी. अगर सब कुछ वैसा ही हुआ तो तापमान में करीब 2 डिग्री गिरावट आएगी और गर्मी से कुछ राहत मिलेगी.
About the Author
विवेक कुमार एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें मीडिया में 10 साल का अनुभव है. वर्तमान में न्यूज 18 हिंदी के साथ जुड़े हैं और हरियाणा, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की लोकल खबरों पर नजर रहती है. इसके अलावा इन्हें देश-…और पढ़ें
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.