Haryana Weather Update: हरियाणा में ठंड ने समय से पहले दस्तक दे दी है. रात का पारा कई जिलों में 4 से 5 डिग्री तक पहुंच गया है और सुबह-शाम ठिठुरन बढ़ गई है. उत्तर-पश्चिमी हवाओं से सर्दी तेज बनी रहेगी. 8 दिसंबर के आसपास पारा और गिर सकता है. पाले से बचाव के लिए किसानों को हल्की सिंचाई और धुआं करने की सलाह दी गई है.
राज्य के कई इलाकों में रात का तापमान चार से पांच डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया है. नारनौल सबसे ज्यादा सर्द रहा, जहां रात में ठंड का प्रकोप चरम पर दिखाई दिया. हिसार, भिवानी, सिरसा और महेंद्रगढ़ जैसे जिले भी कड़ाके की सर्दी की चपेट में हैं. फरीदाबाद, गुरुग्राम, रोहतक और झज्जर में भी तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है. जिसके चलते लोग सुबह और देर शाम घरों से निकलते समय पूरी तरह गर्म कपड़ों में नजर आ रहे हैं.
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि उत्तर-पश्चिम दिशा से आ रही तेज और सूखी हवाएं ठंड को बढ़ा रही हैं. आने वाले दिनों में रात का पारा और नीचे जा सकता है. दिन में भी धूप कमजोर पड़ रही है जिससे दिन का तापमान भी औसत से कम चल रहा है. कई जगहों पर अधिकतम तापमान बीस डिग्री से भी नीचे रिकॉर्ड किया गया है. इससे रोजमर्रा की दिनचर्या पर भी असर पड़ रहा है.
विशेषज्ञों के अनुसार एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने वाला है. जिससे मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है. हालांकि बारिश की कोई संभावना नहीं जताई गई है, लेकिन तापमान में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा. आठ दिसंबर के आसपास फिर से ठंड बढ़ने की संभावना बताई जा रही है. रात में पारा और गिर सकता है और सुबह कोहरे की परत भी घनी हो सकती है. कई जगह पाला पड़ने की स्थिति बनने की भी आशंका है, जिससे खेतों में खड़ी फसलों पर असर पड़ सकता है.
कृषि विशेषज्ञ किसानों को सलाह दे रहे हैं कि वे अपने खेतों में हल्की सिंचाई करें ताकि पाले से नुकसान न हो. इसके साथ ही रात के समय खेतों में धुआं करने से भी पौधों को सुरक्षा मिलती है. ठंड बढ़ने से सब्जियों और गेहूं की फसलों पर खास असर पड़ सकता है. इसलिए किसानों को इस मौसम में सतर्क रहने की जरूरत है.
राज्य में बीते 24 घंटों के दौरान कहीं भी बारिश नहीं हुई. मौसम पूरी तरह शुष्क बना हुआ है और हवाओं की रफ्तार ने ठिठुरन को और बढ़ा दिया है. फिलहाल ठंड से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है और आने वाले कुछ दिनों तक यही मौसम जारी रहने के संकेत मिल रहे हैं.
About the Author
पिछले एक दशक से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हूं. 2010 से अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत की, जिसके बाद यह सफर निरंतर आगे बढ़ता गया. प्रिंट, टीवी और डिजिटल-तीनों ही माध्यमों में रिपोर्टिंग से ल…और पढ़ें
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.