Faridabad AQI: जनवरी की ठंड के साथ फरीदाबाद गुरुग्राम की हवा भी दम घोंटने लगी है. AQI अस्वस्थ से खतरनाक स्तर पर, आंखों में जलन, सांस में दिक्कत आम हो गई है. बच्चे, बुजुर्ग और बीमार सबसे ज्यादा प्रभावित हैं. प्रदूषण अब आंकड़ा नहीं, लोगों की रोजमर्रा की मजबूरी बन चुका है.
फरीदाबाद में सोमवार को शहर का औसत AQI 170 से 314 के बीच दर्ज किया गया जो अस्वस्थ से लेकर खतरनाक श्रेणी में आता है. टिलपट इलाके में AQI 388 तक पहुंच गया जो बेहद चिंताजनक है. ब्लॉक A, HSEB कॉलोनी, सेक्टर 15A, सेक्टर 65, सेक्टर 16 जैसे ज्यादातर इलाकों में हवा अस्वस्थ बनी हुई है. सिर्फ सेक्टर 15 में AQI 112 रहा जो थोड़ी राहत जरूर देता है लेकिन बाकी शहर की हालत खराब ही कही जाएगी. इन हालातों में बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों के लिए बाहर निकलना जोखिम भरा होता जा रहा है.
Local18 से बातचीत में स्थानीय लोगों ने बताया कि प्रदूषण अब डराने वाली चीज नहीं रही बल्कि आदत बन गई है. रामू कहते हैं कि जैसे-जैसे रात के 10-11 बजते हैं, हवा और ज्यादा खराब हो जाती है. ठंड भी बढ़ जाती है और धुआं ज्यादा महसूस होता है. उनके मुताबिक अब लोग प्रदूषण में जीना सीख चुके हैं क्योंकि हर दिन हालात एक जैसे ही रहते हैं.
गुरुग्राम में भी हालात कुछ खास बेहतर नहीं हैं. आज यहां हवा मध्यम से खराब श्रेणी में रही और औसत AQI करीब 155 से 240 के बीच दर्ज किया गया. DLF फेज-1 में AQI 238-240 तक पहुंच गया जबकि विकास सदन इलाके में करीब 213 रहा. सेक्टर 51 और सेक्टर 11 जैसे इलाकों में भी हवा सांस लेने लायक नहीं कही जा सकती. यहां का प्रदूषण भी लोगों की सेहत पर धीरे-धीरे असर डाल रहा है.
दवाओं के सहारे कट रही जिदंगीः महिला
छोटे लाल ने बताया कि प्रदूषण की वजह से उनकी आंखों में लगातार दर्द रहता है. वह कबाड़ बीनने का काम करते हैं और दिनभर सड़कों पर रहते हैं. धुआं, धूल और गंदगी उनके काम का हिस्सा है लेकिन इससे होने वाली परेशानी अब सहन करना मुश्किल हो रहा है. वहीं रानी बताती हैं कि सड़कों पर उड़ती धूल मिट्टी से हालात और बिगड़ जाते हैं. वह सड़क किनारे ही रहती हैं और पहले से सांस की बीमारी से जूझ रही है. दवाइयों के सहारे किसी तरह जिंदगी चल रही है. गौरतलब है कि फरीदाबाद और गुरुग्राम दोनों शहरों में प्रदूषण अब सिर्फ आंकड़ों तक सीमित नहीं रहा बल्कि लोगों की जिंदगी और सेहत पर सीधा असर डाल रहा है.
About the Author
Vinod Kumar Katwal, a Season journalist with 14 years of experience across print and digital media. I have worked with some of India’s most respected news organizations, including Dainik Bhaskar, IANS, Punjab K…और पढ़ें
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.