सरसों और गेहूं सहित रबी की फसलों की खरीद को लेकर फरीदाबाद जिले की बल्लभगढ़ अनाज मंडी में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मंडी प्रशासन की ओर से किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी जरूरी व्यवस्थाएं कर दी गई हैं, ताकि फसल बेचने के लिए मंडी में आने वाले किसानों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। बल्लभगढ़ अनाज मंडी के सचिव इंद्रपाल ने बताया कि मार्केट कमेटी द्वारा आगामी फसलों की खरीद को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने बताया कि 28 मार्च से मंडी में सरसों की खरीद शुरू कर दी जाएगी, जबकि 1 अप्रैल से गेहूं की खरीद भी शुरू हो जाएगी। इसके लिए मंडी में सफाई व्यवस्था, किसानों के बैठने की व्यवस्था और अन्य सुविधाओं को दुरुस्त किया गया है। मंडी में किसानों के लिए की उचित व्यवस्था उन्होंने बताया कि मंडी में आने वाले किसानों के लिए बैठने की उचित व्यवस्था की गई है। इसके अलावा पीने के साफ पानी की व्यवस्था भी की गई है, ताकि किसानों को किसी तरह की दिक्कत न हो। मंडी परिसर में शौचालयों की व्यवस्था भी की गई है और उनकी साफ-सफाई का भी विशेष ध्यान रखा जा रहा है। किसानों को सस्ती दर पर भोजन उपलब्ध कराने के लिए मंडी में अटल कैंटीन भी शुरू कर दी गई है। यहां किसान मात्र 10 रुपए में भोजन कर सकते हैं। इससे दूर-दराज से आने वाले किसानों को काफी राहत मिलेगी और उन्हें खाने-पीने की चिंता नहीं करनी पड़ेगी। सरसों और गेहूं की आवक ज्यादा होने की संभावना इंद्रपाल ने बताया कि इस बार किसानों ने “मेरी फसल मेरा ब्यौरा” पोर्टल पर बड़ी संख्या में रजिस्ट्रेशन करवाया है। इसके चलते इस बार मंडी में सरसों और गेहूं की फसल की आवक ज्यादा होने की संभावना जताई जा रही है। मंडी प्रशासन भी इसी को ध्यान में रखते हुए सभी तैयारियां पहले से कर रहा है। उन्होंने कहा कि मंडी में आने वाले किसानों को गेट पास को लेकर भी किसी तरह की परेशानी नहीं होगी। अभी खरीद के लिए एजेंसी नहीं हुई तय इसके लिए मंडी के मुख्य गेट पर ही एक कर्मचारी को तैनात किया गया है। किसान जब अपनी फसल लेकर मंडी में आएगा तो वह आसानी से गेट पर ही गेट पास बनवा सकेगा और उसके बाद सीधे मंडी में जाकर अपनी फसल बेच सकेगा। इंद्रपाल ने बताया कि फिलहाल यह तय नहीं हुआ है कि फसलों की खरीद किस एजेंसी द्वारा की जाएगी। जल्द ही सरकार की ओर से यह भी स्पष्ट कर दिया जाएगा कि कौन सी एजेंसी सरसों और गेहूं की खरीद करेगी। हालांकि मंडी प्रशासन की ओर से किसानों की फसल खरीद को लेकर सभी जरूरी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं, ताकि खरीद प्रक्रिया सुचारु रूप से शुरू की जा सके।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.