स्वतंत्रता संग्राम सेनानी का फर्जी प्रमाण पत्र बनाकर एमबीबीएस में दाखिला लेने के मामले में पुलिस ने मिर्जापुर निवासी संजय दुबे को बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर लिया। ज्ञानपुर कोतवाली पुलिस ने उसे ज्ञानपुर रोड रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार किया। आरोप है अभियुक्त फर्जी प्रमाणपत्र बनवाकर पैसे लेकर एमबीबीएस में दाखिला कराने वाले गिरोह में शामिल था।
अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल ने बताया कि 27 अगस्त 2025 को महानिदेशक, चिकित्सा शिक्षा एवं प्रशिक्षण (उत्तर प्रदेश) ने भदोही के नौ छात्रों ने 2012-13 शैक्षणिक सत्र में स्वतंत्रता सेनानी कोटे से एमबीबीएस में प्रवेश के लिए जमा किए प्रमाणपत्रों की पुलिस सत्यापन की मांग की थी। इसमें दस्तावेजों में गड़बड़ी की आशंका जताई गई थी।
जांच के दौरान पता चला कि सभी नौ छात्रों के प्रमाणपत्र फर्जी हैं। इसके बाद मुख्यालय लिपिक शाहिद अली निवासी गोरी, खमरिया की शिकायत पर 20 सितंबर को सभी नौ के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच में फर्जी प्रमाणपत्र बनवाकर एमबीबीएस में दाखिला दिलाने के लिए पैसे लेने वाले गिरोह के सरगना शुभम सिंह निवासी जिगना, मिर्जापुर को 24 नवंबर को गिरफ्तार किया था।
पूछताछ में गिरोह के एक अन्य सदस्य संजय दुबे निवासी जासा, विंध्याचल, मिर्जापुर का नाम सामने आया। पुलिस ने बृहस्पतिवार को उसे ज्ञानपुर रोड रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने गिरोह में शामिल होने की बात कबूल की। एएसपी ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है। वहीं गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में पता लगाया जा रहा है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.