श्री दुर्गा देवी इंटर कॉलेज में यूपी बोर्ड की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन होगा। इसकी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मूल्यांकन कार्य 18 मार्च से शुरू होकर एक अप्रैल तक चलेगा। इसके लिए विद्यालय के 25 कमरों को निर्धारित किया गया है।
उप नियंत्रक व प्रधानाचार्य चुन्नीलाल ने बताया कि बीते वर्ष यहां 1264 शिक्षकों ने करीब ढाई लाख कॉपियों का मूल्यांकन किया था। इस वर्ष भी लगभग इतनी ही कॉपियां आने की संभावना है। हालांकि शिक्षकों की अंतिम संख्या और उत्तर पुस्तिकाओं की वास्तविक संख्या का पता मूल्यांकन शुरू होने के दो दिन पहले ही चल सकेगा।
प्रधानाचार्य ने बताया कि मूल्यांकन केंद्र पर सीसीटीवी कैमरे और वॉयस रिकॉर्डर की व्यवस्था की गई है। इससे पूरी प्रक्रिया की निगरानी की जा सके। शिक्षकों की सुविधा के लिए विद्यालय परिसर में ही कैंटीन, पेयजल और शौचालय की व्यवस्था की गई है। प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक मूल्यांकन कार्य किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस बार एक शिक्षक पूरे दिन में हाईस्कूल की 50 और इंटरमीडिएट की 45 कॉपियों का मूल्यांकन कर सकेंगे। साथ ही मूल्यांकन से जुड़ी किसी भी प्रकार की जानकारी साझा करना पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा।
मूल्यांकन के दौरान सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम किए गए हैं। केंद्र पर पुलिस के साथ-साथ एलआईयू के कर्मियों की भी तैनाती रहेगी। कई पुलिसकर्मी सादे कपड़ों में भी मौजूद रहेंगे, जिससे पूरे मूल्यांकन कार्य को सुरक्षित और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराया जा सके। डीआईओएस राजेश कुमार सिंह ने बताया कि मूल्यांकन की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए बोर्ड परीक्षा के बाद एक बैठक होगी।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.