EOU ने शुक्रवार को सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक के विकास पदाधिकारी भावेश कुमार सिंह के 6 ठिकानों पर रेड की। पटना में 4 और गोपालगंज में 2 जगहों पर टीम ने 11 घंटे तक तलाशी ली।
बिहटा स्थित भावेश कुमार की राइस मिल से 40 लाख कैश बरामद हुआ है। वहीं पटना के आवास से भी कैश-ज्वेलरी जब्त की है। इस दौरान टीम ने बेड से बैग निकलवाकर भी चेक किया। रेड के दौरान EOU की टीम ने भावेश से पूछताछ भी की है।
जानकारी के मुताबिक, भावेश कुमार का पैतृक घर गोपालगंज में है। वहां उनके नाम से एक पेट्रोल पंप है। टीम ने पेट्रोल पंप पर भी छापेमारी की है। EOU ने बताया कि, भावेश के रिश्तेदार के नाम पर खोले गए R.M. Enterprises के बैंक खातों में साल 2025 में 12 से 15 करोड़ का लेनदेन किया गया है। इसके सबूत मिले है। सभी खातों को ने फ्रीज कर दिया गया है।
भवेश कुमार के आवास से 8 बैंक के पासबुक भी बरामद हुआ है, जिनमें करीब 15 लाख रुपए जमा मिले। पटना के पहाड़ी इलाके में भवेश ने अपनी सर्विस के दौरान आलीशान भवन (G+5) खड़ा किया है। इसके अलावा पैतृक गांव के पास 41 डिसमिल जमीन खरीदने के दस्तावेज भी मिले हैं, जिनकी कीमत करोड़ों में बताई जा रही है।
अब छापेमारी की कुछ तस्वीरें देखिए…
छापेमारी के दौरान अधिकारी के घर से कैश और जेवरात जब्त किए गए हैं।

पटना में रेड के दौरान टीम ने बेड से बैग निकालकर उसकी भी तलाशी ली।

भावेश से पूछताछ करती EOU की टीम।

पटना में रेड के दौरान भावेश के अपार्टमेंट के नीचे तैनात पुलिस टीम।
सुबह 9 बजे एक साथ 6 ठिकानों पर रेड
बताया जा रहा है कि सुबह 9 बजे एक साथ बैंक अधिकारी के 6 ठिकानों पर टीम ने ये कार्रवाई की है। पटना में कार्रवाई के दौरान भावेश मौजूद थे। टीम के पहुंचने पर नौकर ने दरवाजा खोला था।
एक साथ इतने अधिकारियों को देखकर वो चौंक गए। टीम अंदर दाखिल हुई, इसके बाद मेन गेट लॉक कर दिया गया।
टीम ने भावेश को एक रूम में बिठाया और उनसे पूछताछ शुरू की। पहले तो उसने कुछ भी बताने से इनकार कर दिया। इसके बाद टीम ने अपना सर्च ऑपरेशन शुरू किया।
बेड खोलकर अंदर से बैग निकाले गए और जांच की गई। टीम को पहले कुछ कैश मिला। इसके बाद जांच की तो जमीन के पेपर और महंगी घड़ियां अलमारी से निकलीं।
अब जानिए कहां कब रेड पड़ी और क्या मिला
- बिहटा की राइस मील – पटना में पूछताछ के दौरान टीम को भावेश की राइस मील के बारे में पता चला। इसके बाद टीम ने राइस मील में दबिश दी। यहां से 40 लाख कैश जब्त किए गए। 1 गाड़ी से 6 लोगों की टीम यहां पहुंची और छापेमारी की।

बिहटा की इसी राइस मील से टीम ने 40 लाख कैश जब्त किए हैं।
- गोपालगंज में पेट्रोल पंप पर रेड – भावेश गोपालगंज के रहने वाले हैं। यहां उनका एक पेट्रोल पंप है, जिसे उनके भाई देखते हैं। सुबह करीब 9 बजे 3 गाड़ियों से 10 से ज्यादा अफसरों ने यहां रेड की। पेट्रेल पंप पर पेपर देखे गए। कैश और रिकॉर्ड भी खंगाला गया। भावेश के भाई ने बताया कि टीम को यहां से कुछ नहीं मिला है।
- पटना के एसपी वर्मा रोड स्थित बैंक में रेड – इस को-ऑपरेटिव बैंक कार्यालय में भावेश 2014 से विकास पदाधिकारी पद पर तैनात रहे। इससे पहले इसी बैंक के नौबतपुर शाखा में लगभग 1 साल उन्होंने काम किया। लगभग 3 घंटे तक एसपी वर्मा रोड कार्यालय में छानबीन की गई।

टीम ने एसपी रोड वर्मा स्थित बैंक में भी 3 घंटे तक छापेमारी की।
- पटना में पुष्पक रेसिडेंसी अपार्टमेंट – टीम 3 गाड़ियों से शुक्रवार सुबह 9 बजे अपार्टमेंट में पहुंची थी। यहां घर की तलाशी के दौरान कुछ कैश और ज्वेलरी मिली है। टीम पेपर्स खंगाल रही है। रेड के दौरान भावेश भी टीम को यहां मिले।

पटना के रामजयपाल नगर के पुष्पक रेसिडेंसी अपार्टमेंट में टीम ने रेड की है।
EOU ने आय से अधिक संपत्ति का केस दर्ज किया था
EOU के मुताबिक भावेश कुमार सिंह के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज किया गया था। शुरुआती जांच में उनकी आय से 60 प्रतिशत अधिक संपत्ति की जानकारी मिली है। अधिकारियों द्वारा दस्तावेजों सहित अन्य संपत्तियों की जांच की जा रही है।

फंसाने की कोशिश की जा रही है
भावेश कुमार के बड़े भाई और पूर्व मुखिया राजेश सिंह ने बताया कि, EOU की टीम ने पेट्रोल पंप की जांच की। सेल का रिकॉर्ड चेक किया, लेकिन उन्हें कोई गड़बड़ी नहीं मिली। चुनाव आने वाला है। पंचायत की जनता मेरे साथ है। मुझे फंसाने के लिए ये सब करवाया गया है।

Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.