Last Updated:
गुमला की एमेलदा कुजूर ने बेरोजगारी और पलायन के बीच आत्मनिर्भरता की मिसाल पेश की है. सेना में कार्यरत पति के सहयोग और पिता से मिले हुनर के दम पर वे पिछले 12 वर्षों से बकरी पालन कर रही हैं. मात्र 26 बकरियों से वे घर बैठे सालाना 2 से 3 लाख रुपये कमाकर अपने परिवार को आर्थिक मजबूती दे रही हैं.
गुमला: आज के आधुनिक युग में जहां बेरोजगारी एक बड़ी समस्या बनी हुई है और गुमला जैसे जिलों में बड़े उद्योगों या रेलवे कनेक्टिविटी के अभाव में युवा पलायन को मजबूर हैं, वहीं शहर की एक महिला ने आत्मनिर्भरता की नई इबारत लिखी है. गुमला के खड़िया पाड़ा निवासी एमेलदा कुजूर ने बकरी पालन को न केवल अपनी आजीविका बनाया है, बल्कि घर बैठे सालाना दो से तीन लाख रुपये की कमाई कर अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणा बन गई हैं.
बचपन का शौक बना कमाई का जरिया
एमेलदा ने बकरी पालन का हुनर अपने मायके जैरागी बाहमन टोली में अपने पिता से सीखा था. स्नातक की पढ़ाई के दौरान ही उनकी शादी हो गई. उनके पति भारतीय सेना में कार्यरत हैं. शादी के बाद जब वे गुमला शहर आकर रहने लगीं, तो उन्होंने खाली बैठने के बजाय अपने बचपन के उसी हुनर को व्यवसाय में बदलने का फैसला किया. पिछले 10-12 वर्षों से वे पूरी तन्मयता के साथ इस काम में जुटी हुई हैं.
एक बकरे की कीमत 20 हजार तक
एमेलदा बताती हैं कि वर्तमान में उनके पास करीब 26 बकरियां हैं. इस व्यवसाय की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें बाजार की कभी कमी नहीं होती. उन्होंने बताया कि जहाँ बकरियों की कीमत सामान्य होती है, वहीं अच्छे कद-काठी वाले खस्सी (बकरे) की मांग बहुत अधिक रहती है. वजन और साइज के हिसाब से एक खस्सी 10 हजार रुपये से लेकर 20 हजार रुपये तक में आसानी से बिक जाता है.
एमेलदा कुजूर बताती हैं कि जब भी घर में अचानक पैसों की जरूरत होती है या बच्चों की पढ़ाई-लिखाई का खर्च आता है, तो हम एक-दो बकरी बेचकर तुरंत व्यवस्था कर लेते हैं. इससे परिवार की आर्थिक स्थिति बहुत मजबूत हुई है.
पलायन के दौर में आत्मनिर्भरता का मंत्र
गुमला जिले से हर साल हजारों लोग रोजगार की तलाश में दूसरे राज्यों की ओर पलायन करते हैं, जहां कई बार वे हादसों का शिकार हो जाते हैं. ऐसी स्थिति में एमेलदा की यह सफलता बताती है कि यदि आपके पास हुनर है और आप मेहनत करने को तैयार हैं, तो अपने घर-आंगन में रहकर भी सम्मानजनक कमाई की जा सकती है.
About the Author
मीडिया में 6 साल का अनुभव है. करियर की शुरुआत ETV Bharat (बिहार) से बतौर कंटेंट एडिटर की थी, जहां 3 साल तक काम किया. पिछले 3 सालों से Network 18 के साथ हूं. यहां बिहार और झारखंड से जुड़ी खबरें पब्लिश करता हूं.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.