फरीदकोट में स्थानीय हरगोबिंदपुर बस्ती में बकरी चोरी का विरोध करने पर एक बुजुर्ग चरवाहे की तेजधार हथियार से वार करते हुए हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान मेजर सिंह के रूप में हुई है।
इस मामले में थाना सिटी 2 की पुलिस ने मृतक के बेटे कंवरप्रीत सिंह के बयान पर 2 अज्ञात युवकों के खिलाफ हत्या की धारा के तहत केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस को दिए बयान में कंवरप्रीत सिंह ने बताया कि शुक्रवार शाम करीब 6 बजे उसके पिता मेजर सिंह घर के बाहर ही अपनी बकरियां चरा रहे थे। इसी दौरान दो अज्ञात युवक वहां पहुंचे और बकरियां चोरी करने की कोशिश करने लगे।
जब उनके पिता मेजर सिंह ने इसका विरोध किया तो दोनों ने उन पर हमला कर दिया और मारपीट करते हुए किसी तेजधार हथियार से उनपर वार किए। शिकायतकर्ता के अनुसार जब वह मौके पर पहुंचा तो दोनों आरोपी वहां से फरार हो गए। इसके बाद उसने अपने घायल पिता को फरीदकोट के गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
इस मामले में थाना सिटी 2 के एसएचओ इंस्पेक्टर सुखदर्शन शर्मा ने बताया कि मृतक के बेटे की शिकायत पर पुलिस ने दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और उनकी शिनाख्त के लिए क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है। मृतक के शव को मेडिकल कॉलेज अस्पताल से पोस्टमार्टम करवा कर वारिसों के हवाले कर दिया जाएगा।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.