दुबौलिया । स्थानीय थाना क्षेत्र के बेमहरी गांव में शुक्रवार रात करीब 10:30 बजे बाइक सवार तीन बदमाशों ने छप्पर में सो रहे 58 वर्षीय रामजीत को नींद से जगाकर ताबड़तोड़ दो गोली मार दी। उन्हें गंभीर हालत में पहले सीएचसी कप्तानगंज फिर जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डाॅक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
गोलीकांड से गांव में सनसनी फैल गई। हत्या का कारण स्पष्ट नहीं है। बुजुर्ग रामजीत सोखा का काम करता था। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार, रामजीत शुक्रवार रात खाना खाने के बाद घर के बाहर छप्पर में सो रहे थे। रात करीब 10:30 बजे अचानक गांव में लगातार दाे गोलियां चलने की आवाज लोगों ने सुनीं। रामजीत के परिवार और आसपास के घरों के लोग बाहर निकले तो रामजीत को लोगों ने खून से लथपथ देखा। उनकी आंख के नीचे नाक के पास दो गोलियों के निशान थे। कुछ लोगों ने एक ही बाइक पर सवार तीन लोगों को भागते देखा। शोर मचाते हुए लोगों ने उन्हें पकड़ने की कोशिश की पर सफल नहीं हुए।
इस बीच किसी ने पुलिस को घटना की सूचना दे दी। थानाध्यक्ष सुनील गोंड कुछ ही देर में पुलिस टीम के साथ मौके पर पंहुच गए। एंबुलेंस से रामजीत को इलाज के लिए सीएचसी कप्तानगंज ले जाया गया पर उनकी हालत गंभीर देख डाॅक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंचे पर वहां डाॅक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
गोली मारे जाने की सूचना पर देर रात सीओ सिटी और कोतवाल भी जिला अस्पताल पहुंच गए। उन्होंने परिजनों से मामले की जानकारी ली।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.