उत्तर भारत में ठंड का ‘रेड अलर्ट’: स्कूलों की छुट्टियों का पूरा ब्यौरा
उत्तर भारत के कई राज्यों में विंटर वेकेशन शुरू हो गई है. जिन स्कूलों में अभी सर्दी की छुट्टियों की घोषणा नहीं हुई है, वहां समय बदलने का फैसला लिया गया है.
दिल्ली और हरियाणा: 15 जनवरी तक लंबी छुट्टियां
देश की राजधानी दिल्ली और पड़ोसी राज्य हरियाणा में ठंड के प्रकोप को देखते हुए सबसे लंबी छुट्टियों का ऐलान किया गया है. दोनों ही राज्यों में 1 जनवरी 2026 से 15 जनवरी 2026 तक शीतकालीन अवकाश घोषित किया गया है. हरियाणा के स्कूल अब सीधे 16 जनवरी को खुलेंगे. दिल्ली के निजी और सरकारी स्कूलों के लिए भी यही आदेश प्रभावी रहेगा.
राजस्थान: 12 दिनों की बड़ी छुट्टी और डीएम के आदेश
राजस्थान के कई हिस्सों में इस महीने की सबसे बड़ी छुट्टी का ऐलान हुआ है, जो 25 दिसंबर 2025 से शुरू होकर 5 जनवरी 2026 तक प्रभावी रहेगी. इस अवधि में प्रदेश के सभी सरकारी और निजी स्कूल पूरी तरह बंद रहेंगे, जिससे छात्रों को लगातार 12 दिनों की राहत मिलेगी. इसके अलावा जिलों के स्तर पर अन्य आदेश भी जारी रहेंगे.
उत्तर प्रदेश: सीएम ने खुद दिया आदेश
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्कूलों में विंटर वेकेशन के संबंध में जरूरी आदेश जारी किया है. इसके तहत, सभी स्कूलों को तत्काल प्रभाव से बंद करने का निर्देश आया है.
गाजियाबाद और बुलंदशहर: यहां कक्षा 1 से 12 तक के सभी स्कूल 29 दिसंबर 2025 से 1 जनवरी 2026 तक बंद रहेंगे. शिक्षकों को प्रशासनिक कार्यों के लिए उपस्थित रहना होगा.
लखनऊ और गोरखपुर: राजधानी लखनऊ में 1 जनवरी तक और गोरखपुर में 31 दिसंबर तक 12वीं तक के स्कूल बंद करने के निर्देश हैं.
संभल: यहां 29 और 30 दिसंबर को नर्सरी से इंटरमीडिएट तक अवकाश रहेगा.
बिहार: कोहरे के कारण थमी क्लास
बिहार में पारा तेजी से लुढ़कने के कारण पटना जिला प्रशासन ने कक्षा 8वीं तक के सभी स्कूलों को 31 दिसंबर 2025 तक बंद रखने का आदेश दिया है. मुजफ्फरपुर और सहरसा में भी इसी तरह के आदेश लागू हैं. बड़ी कक्षाओं (9वीं से 12वीं) के लिए समय बदलकर सुबह 10:30 बजे के बाद कर दिया गया है.
हिमाचल प्रदेश (ऊना): बदला गया समय
हिमाचल के ऊना जिले में प्रशासन ने 29 दिसंबर से 31 जनवरी तक सभी स्कूल सुबह 10 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक खोलने का फैसला किया है. आंगनवाड़ी केंद्रों का समय भी सुबह 10 से दोपहर 3 बजे तक कर दिया गया है. इससे छोटे बच्चों को सुबह की जानलेवा ठिठुरन से बचाया जा सके.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.