Shruti Modi UPSC Success Story: श्रुति मोदी ने यूपीएससी में 569वीं रैंक हासिल कर कोडरमा और झारखंड का नाम रोशन किया. दिल्ली में बचपन से रहने वाली श्रुति ने अपने पांचवें प्रयास में सफलता हासिल की हैं. उन्होंने बताया कि यूपीएससी इंटरव्यू में झारखंड से अधिक प्रश्न पूछे गए थे.
इंटरव्यू में पूछे गए झारखंड से जुड़े कई सवाल
श्रुति मोदी ने बताया कि यूपीएससी परीक्षा में उन्हें यह सफलता अपने पांचवें प्रयास में मिली है. इससे पहले भी उन्होंने कई बार परीक्षा दी, लेकिन सफलता नहीं मिली. इसके बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और लगातार मेहनत करती रहीं. श्रुति ने कहा कि सफलता से पहले कई असफलताएं मिलती हैं, लेकिन उन असफलताओं से घबराने के बजाय उनसे सीख लेकर आगे बढ़ना जरूरी होता है. उन्होंने बताया कि यूपीएससी के इंटरव्यू के दौरान उनसे झारखंड से जुड़े कई महत्वपूर्ण सवाल पूछे गए. इंटरव्यू बोर्ड ने झारखंड में विकास की स्थिति, झारखंड राज्य के गठन के कारण, मुंडा विद्रोह, हुल विद्रोह और संथाल विद्रोह से जुड़े सवाल पूछे.
इसके अलावा उनसे उनके बैंकिंग जॉब से जुड़े प्रश्न भी किए गए. इंटरव्यू में उनसे दिल्ली के इतिहास और विकास को लेकर भी सवाल पूछे गए. बोर्ड ने पूछा कि 100 साल पहले दिल्ली कैसी थी और आज दिल्ली में क्या-क्या बदलाव देखने को मिल रहे हैं. श्रुति ने बताया कि इंटरव्यू के दौरान सवालों का जवाब देते समय आत्मविश्वास बनाए रखना बहुत जरूरी होता है.
निरंतर तैयारी से एक दिन अवश्य मिलती है सफलता
अपनी तैयारी के बारे में बताते हुए श्रुति मोदी ने कहा कि यूपीएससी का सिलेबस बहुत बड़ा होता है. इसकी कोई तय सीमा नहीं होती है. ऐसे में यह जरूरी है कि अभ्यर्थी यह समझें कि उन्हें क्या पढ़ना है और कैसे पढ़ना है. उन्होंने कहा कि सिर्फ ज्यादा घंटे पढ़ना ही सफलता की गारंटी नहीं है. बल्कि यह अधिक महत्वपूर्ण है कि आप सही विषय और सही दिशा में पढ़ाई कर रहे हैं या नहीं.
उन्होंने बताया कि अपने अंतिम प्रयास के दौरान उन्होंने रोजाना करीब 6 से 7 घंटे पढ़ाई की. पिछले 5 वर्षों से वह लगातार मेहनत कर रही थीं. उनकी इसी निरंतरता और धैर्य का परिणाम है कि आज उन्हें यह सफलता मिली है. यूपीएससी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए श्रुति मोदी ने संदेश देते हुए कहा कि सबसे जरूरी है खुद पर विश्वास रखना और अपनी तैयारी को निरंतर जारी रखना. उन्होंने कहा कि मेहनत जितनी ज्यादा होगी, सफलता की संभावना भी उतनी ही अधिक होगी.
About the Author
बृजेंद्र प्रताप सिंह डिजिटल-टीवी मीडिया में (2021) लगभग 5 सालों से सक्रिय हैं. मेट्रो न्यूज 24 टीवी चैनल मुंबई, ईटीवी भारत डेस्क, दैनिक भास्कर डिजिटल डेस्क के अनुभव के साथ 14 मई 2024 से News.in में सीनियर कंटें…और पढ़ें
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.