दुर्ग में साइबर ठगी का एक मामला सामने आया है। यहां एक व्यक्ति का मोबाइल फोन गुम होने के बाद अज्ञात लोगों ने उसके बैंक खाते से यूपीआई के जरिए बड़ी रकम निकाल ली। ठगों ने न केवल उसके खाते से बल्कि उसकी पत्नी के खाते से भी पैसे ट्रांसफर कर लिए। कुल मिलाकर 1 लाख 49 हजार 590 रुपए की ठगी हुई है। पीड़ित की शिकायत पर छावनी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संतोषी पारा कैंप-02 मिलाई निवासी 55 वर्षीय दुर्गा प्रसाद साहू एलआईसी में एजेंट के रूप में काम करते हैं। उन्होंने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 27 फरवरी की शाम वे पावर हाउस सब्जी मार्केट सब्जी खरीदने गए थे। इसी दौरान उनका मोबाइल फोन कहीं गुम हो गया। उस समय उन्हें लगा कि शायद मोबाइल कहीं गिर गया होगा, लेकिन बाद में मोबाइल नंबर पर पैसे कटने के मैसेज आने लगे। खाते से टोटल 1.45 लाख निकल गए
मैसेज देखने के बाद दुर्गा प्रसाद साहू तुरंत बैंक पहुंचे और अपने खाते की जानकारी ली। तब पता चला कि उनके एक्सिस बैंक सुपेला स्थित खाते से यूपीआई के जरिए कई बार में पैसे ट्रांसफर किए गए हैं। बैंक से मिली जानकारी के अनुसार 27 फरवरी को 3300 रुपए, 28 फरवरी को 840 रुपए और 4 मार्च को 42 हजार, 50 हजार और 49 हजार रुपए ट्रांसफर किए गए। इस तरह उनके खाते से कुल 1 लाख 45 हजार 140 रुपए निकल गए। खाता लिंक होने से पत्नी के एकाउंट से पैसे कटे
दुर्गा प्रसाद साहू ने बताया कि उनके मोबाइल नंबर से उनकी पत्नी कविता साहू का बैंक खाता भी लिंक है। इसके बाद उन्होंने केनरा बैंक नंदनी रोड मिलाई में जाकर पत्नी के खाते की भी जांच करवाई। जांच में पता चला कि वहां से भी यूपीआई के जरिए पैसे निकाले गए हैं। जानकारी के अनुसार 28 फरवरी को 280 रुपए, 1 मार्च को 2500 रुपए और 2 मार्च को 1670 रुपए ट्रांसफर किए गए। इस तरह पत्नी के खाते से कुल 4450 रुपए निकाले गए। पति-पत्नी दोनों नहीं करते यूपीआई इस्तेमाल
पीड़ित का कहना है कि वे और उनकी पत्नी मोबाइल से यूपीआई का इस्तेमाल नहीं करते हैं। उन्हें शक है कि मोबाइल गुम होने के बाद किसी अज्ञात व्यक्ति ने फोन का इस्तेमाल कर यूपीआई आईडी बना ली और अलग-अलग खातों में पैसे ट्रांसफर कर दिए। यह पूरा ट्रांजेक्शन 27 फरवरी से 4 मार्च के बीच किया गया। दुर्गा प्रसाद साहू ने छावनी थाना पहुंचकर पूरे मामले की लिखित शिकायत दी। जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि बैंक ट्रांजेक्शन और यूपीआई आईडी की जानकारी के आधार पर जांच की जा रही है। कोशिश की जा रही है कि जिन खातों में पैसे ट्रांसफर हुए हैं, उनका पता लगाया जाए और आरोपी तक पहुंचा जा सके।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.