Dumka Widow Pension Scam : सरकारी योजनाओं का लाभ पाने के लिए लोग क्या क्या कर सकते हैं, इसकी मिसाल झारखंड के दुमका से सामने आई है. यहां कुछ महिलाओं ने पैसे की लालच में अपने जिंदा पतियों को कागजों में मृत घोषित कर दिया. मामला सामने आने के बाद प्रशासन भी हैरान है और अब वसूली तथा कार्रवाई की तैयारी शुरू हो गई है.
10 साल तक विधवा पेंशन लेती रहीं 14 महिलाएं, दुमका में खुला राज (AI जेनरेटेड)
दुमका में जिंदा पतियों पर उठी विधवा पेंशन
मिली जानकारी के अनुसार, जांच में पता चला है कि दुमका जिले के रानीश्वर की कई महिलाओं ने अपने जीवित पतियों को मृत बताकर विधवा पेंशन का लाभ उठाया. प्रशासन की जांच में अब तक 14 ऐसी महिलाएं चिह्नित की गई हैं, जो पिछले 10 वर्षों से फर्जीवाड़े से पेंशन प्राप्त कर रही थीं. बताया जा रहा है कि रानीश्वर प्रखंड में शिकायत सामने आयी थी, जिसके बाद बीडीओ राजेश कुमार सिन्हा ने अपनी जांच टीम के साथ मोहलबना पंचायत के कदमा गांव में छापेमारी की.
दुमका पेंशन घोटाले का चौंकाने वाला खुलासा
प्रशासन की टीम जब उस हितग्राही महिला के घर पहुंची जो सरकारी रिकॉर्ड में विधवा बताई जा रही थीं, तो वो अपने पतियों के साथ घर से बाहर निकलीं. फाइलों में इन महिलाओं को विधवा दिखाया गया था, लेकिन हकीकत में उनके पति जिंदा थे और उनके साथ रह रहे थे. प्रशासन की टीम ने पूछताछ की तो पता चला कि ऐसे फर्जीवाड़े के पीछे पूरा गिरोह सक्रिय है. महिलाओं ने भी स्वीकार किया कि दो दलालों ने उनके लिए पेंशन स्वीकृत कराई थी. इस फर्जीवाड़े के ऐवज में हजारों रुपये घूस लिए गए थे.
1000 रुपये महीना के लिए 10 साल का खेल, दुमका के रानीश्वर प्रखंड में जिंदा पतियों पर उठी विधवा पेंशन.
रानीश्वर में 14 महिलाओं का फर्जीवाड़ा बेनकाब
जानकारी के मुताबिक, जांच में अब तक 14 महिलाओं की पहचान हुई, जो पति के जिंदा रहते विधवा पेंशन उठा रही हैं. जिन महिलाओं का फर्जीवाड़ा उजागर हुआ है, उनमें बुलुबाला दासी, चुड़की मुर्मू, मालती मुर्मू, रेखा गोराई, सुकुरमुनि सोरेन और सामदी दत्ता शामिल हैं. विधवा पेंशन योजना के तहत पात्र महिलाओं को प्रति माह 1,000 रुपये दिए जाते हैं. इन महिलाओं ने पिछले 10 वर्षों में लाखों रुपये गलत तरीके से प्राप्त किए हैं.
राशि की वसूली और कार्रवाई की घोषणा
दुमका जिला प्रशासन ने मामला सामने आते ही कार्रवाई शुरू कर दी है. रानीश्वर के बीडीो राजेश सिन्हा ने कहा है कि गलत तरीके से प्राप्त पेंशन राशि की पूरी वसूली कराई जाएगी. इन महिलाओं को नोटिस जारी किया जा रहा है. साथ ही, जिन दो बिचौलियों ने यह फर्जीवाड़ा करवाया, उनकी भी जांच की जाएगी और उचित कार्रवाई अमल में लाई जाएगी. फिलहाल महिलाओं के खिलाफ कार्रवाई किस तरह से की जा रही है, इसकी जानकारी नहीं मिल पा रही है.
About the Author

पत्रकारिता क्षेत्र में 22 वर्षों से कार्यरत. प्रिंट, इलेट्रॉनिक एवं डिजिटल मीडिया में महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन. नेटवर्क 18, ईटीवी, मौर्य टीवी, फोकस टीवी, न्यूज वर्ल्ड इंडिया, हमार टीवी, ब्लूक्राफ्ट डिजिट…और पढ़ें
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.