नौकरी की तलाश में दोस्त के पास आया था गुरुग्राम
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। बादशाहपुर थाना क्षेत्र में नौकरी की तलाश में दोस्त के पास आए एक युवक की शनिवार की सुबह पीजी की दूसरी मंजिल की छत से गिरने से मौत हो गई। युवक शराब के नशे में था और पेशाब करने के लिए उठा था। युवक के छत से गिरकर मौत की सूचना मिलते ही बादशाहपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव कब्जे में लेकर मोर्चरी में पहुंचाया।
मृत युवक की पहचान रोहतक के गिरावड़ गांव निवासी अजीत बल्हारा (26) के रूप में हुई है। वह दो दिन पहले ही नौकरी की तलाश में गुरुग्राम आया था। वह बादशाहपुर थाना क्षेत्र में सेंटर होम्स पीजी में अपने दोस्त सौरव के पास रुका हुआ था। बताया जा रहा है कि शुक्रवार की रात को अजीत और सौरभ ने शराब की पार्टी की थी और छत पर ही सो गए थे।
शनिवार की सुबह करीब चार बजे अजीत पेशाब करने के लिए उठा था तो नशे में वह छत पर किनारे तक आ गया और संदिग्ध परिस्थितियों में नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। नीचे गिरने की आवाज सुनकर जब लोग बाहर आए तो उन्होंने अजीत बल्हारा को लहूलुहान हालत में देखा और नजदीकी अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने जांच के उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जांच अधिकारी नवीन ने बताया कि प्रारंभिक जांच में कोई संदिग्ध बात सामने नहीं आई है। मामले की विभिन्न बिंदुओं के तहत छानबीन की जा रही है। जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.