स्वयं सहायता समूह की महिलाएं करेंगी सर्वे
एप के माध्यम से नागरिक दे सकेंगे फीडबैक
महिलाओं को दिया प्रशिक्षण और पहचान पत्र
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। स्वच्छ भारत मिशन 2.0 के तहत स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 को सफल बनाने के लिए बिलासपुर नगर परिषद की ओर से शहर में घर-घर स्वच्छता सर्वेक्षण किया जाएगा। इसको लेकर नगर परिषद परिसर में विशेष जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें अधिकारियों और स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम में नगर परिषद की वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारी वर्षा चौधरी ने बताया कि शहरी विकास विभाग के निर्देशानुसार सभी वार्डों में स्वच्छता सर्वेक्षण किया जाना है। उन्होंने कहा कि यह सर्वेक्षण डे-एनयूएलएम के तहत गठित स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं की ओर से किया जाएगा। सर्वे के दौरान प्रत्येक घर की स्वच्छता स्थिति, कूड़ा प्रबंधन व्यवस्था तथा नागरिकों की समस्याओं से संबंधित जानकारी एकत्र की जाएगी। साथ ही नागरिकों को स्वच्छता एप डाउनलोड करवाया जाएगा और उनसे ऑनलाइन फीडबैक लिया जाएगा, ताकि लोग घर बैठे अपनी शिकायत दर्ज कर सकें और नगर परिषद समय पर समाधान कर सके। उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि सर्वे टीम को सही जानकारी दें और अभियान में पूरा सहयोग करें, ताकि शहर को स्वच्छ सर्वेक्षण में बेहतर रैंकिंग मिल सके। वंदना लखनपाल ने बताया कि सर्वे से पहले स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को प्रशिक्षण दिया गया है। उन्हें घर-घर जाकर गीले, सूखे और हानिकारक कचरे को अलग-अलग रखने, डोर-टू-डोर कलेक्शन व्यवस्था और स्वच्छता के महत्व के बारे में लोगों को जागरूक करने के निर्देश दिए गए हैं। सभी महिलाओं को पहचान पत्र भी जारी कर दिए गए हैं। कूड़ा शुल्क ऑनलाइन जमा करने की सुविधा एनयूएलएम अधिकारी मुनीश ठाकुर ने बताया कि घर-घर कूड़ा शुल्क सिटीजन पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन जमा किया जा सकता है। जिन लोगों के पास स्मार्टफोन नहीं है, वे नगर परिषद कार्यालय में भी शुल्क जमा कर सकते हैं। कार्यक्रम में स्वच्छ सर्वेक्षण फॉर्म की विस्तृत जानकारी देते हुए फॉर्म वितरित किए। उन्होंने बताया कि प्रत्येक वार्ड में नामित महिलाएं सर्वे कार्य करेंगी। नगर परिषद अधिकारियों ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य शहर में स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करना, कचरा पृथक्करण को बढ़ावा देना और नागरिक भागीदारी सुनिश्चित करना है, ताकि बिलासपुर शहर स्वच्छ सर्वेक्षण में बेहतर प्रदर्शन कर सके।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.