डोंगरगढ़ स्थित विश्व प्रसिद्ध मां बम्लेश्वरी मंदिर में 19 मार्च से चैत्र नवरात्रि मेला शुरू हो रहा है। इसकी तैयारियों को लेकर प्रशासनिक अमला पूरी तरह मुस्तैद है। शुक्रवार को संभागायुक्त सत्यनारायण राठौर ने छिरपानी परिसर में उच्च स्तरीय बैठक कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। संभागायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुविधा में कोई कोताही न बरती जाए। उन्होंने पार्किंग के नाम पर निर्धारित शुल्क से अधिक वसूली करने वालों पर कड़ी कार्रवाई के आदेश दिए। विभागों को दिया टाइम लाइन संभागायुक्त ने लाखों की संख्या में आने वाले पदयात्रियों और श्रद्धालुओं के लिए कानून-व्यवस्था और आपसी समन्वय को सर्वोपरि बताया। बैठक में मौजूद पुलिस महानिरीक्षक बालाजी राव सोमावार ने सुरक्षित और शांतिपूर्ण मेले का आश्वासन देते हुए निगरानी और स्वच्छता पर विशेष बल दिया है । कलेक्टर जितेंद्र यादव ने बुनियादी सुविधाओं को लेकर विभागों को टाइम लाइन दी है। उन्होंने बिजली और पेयजल की 24 घंटे आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। डोंगरगढ़ में प्लास्टिक थैलियों के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा और उल्लंघन करने पर जब्ती की कार्रवाई की जाएगी। स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में बताया गया कि मंदिर परिसर में डॉक्टरों की टीम के साथ-साथ जिले के 48 निजी अस्पताल भी आपातकालीन सेवाएं प्रदान करेंगे। रोपवे के फिटनेस सर्टिफिकेट और बैरिकेडिंग की बारीकी से जांच के निर्देश भी दिए गए हैं। दर्शन प्रकिया को बनाया जाएगा सरल पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने सुरक्षा खाका पेश करते हुए बताया कि पूरे मेला क्षेत्र की निगरानी कंट्रोल रूम और क्विक रिस्पांस टीम (QRT) के माध्यम से की जाएगी। पदयात्रियों की सुरक्षा के लिए दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में रेडियम संकेतक और अस्थायी गति अवरोधक लगाए जाएंगे। बैठक में अपर कलेक्टर सीएल मारकण्डेय, एसडीएम डोंगरगढ़, माँ बम्लेश्वरी ट्रस्ट समिति के अध्यक्ष मनोज अग्रवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। प्रशासन का मुख्य लक्ष्य इस वर्ष दर्शन की प्रक्रिया को पहले से अधिक सरल और सुगम बनाना है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.