हल्द्वानी शहर की व्यस्ततम सड़कों पर शराब पीकर दोपहिया पर रफ्तार भर रहे युवाओं पर लगाम नहीं लग पा रही है। बेलगाम बाइक सवार खुद के साथ ही लोगों की जान जोखिम में डाल रहे हैं। बृहस्पतिवार रात कृष्णा अस्पताल के मेडिकल सुप्रीडेंट डॉ. हरभजन सिंह को तेज रफ्तार बाइक सवार डिलीवरी बॉय ने टक्कर मार दी।
नैनीताल रोड स्थित अस्पताल के मेडिकल सुप्रीडेंट डॉ.हरभजन सिंह बीती बृहस्पतिवार की शाम अस्पताल के गेट से बाहर निकले ही थे कि ठंडी सड़क पर तेज गति से जा रहे बाइक सवार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। बाइक की गति इतनी तेज थी कि डॉ. सिंह हवा में उछलते हुए सड़क पर गिरकर चोटिल हो गए। उनके पैर और सिर पर चोट आई है। उन्हें सीसीयू में भर्ती कराया गया है।
हादसे के बाद बाइक सवार भाग गया था। मामला संज्ञान में आने के बाद कोतवाली पुलिस ने रात में ही मुक्तेश्वर निवासी बाइक सवार मनोज कुमार से पूछताछ की। शुक्रवार को हरभजन सिंह के बेटे डॉ.गगनदीप सिंह ने पुलिस को तहरीर सौंपी है। इस पर मनोज के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई।
शुक्रवार को एसएसपी डॉ.मंजुनाथ टीसी ने मौके का जायजा लिया। इस दौरान एसएसपी ने लोनिवि और नगर निगम के अधिकारियों को अस्पताल के पास स्पीड ब्रेकर लगाने के निर्देश दिए। वहां नगर आयुक्त परितोष वर्मा, सिटी मजिस्ट्रेट गोपाल चौहान, सीओ सिटी अमित कुमार सैनी, लोनिवि के ईई प्रत्यूष कुमार, एई हरीश जोशी मौजूद रहे।
इससे पहले शीशमहल में भी हुई वारदात
भीतरगांव शाहाबाद रामपुर यूपी निवासी 24 वर्षीय प्रदीप कुमार शीशमहल काठगोदाम स्थित गणपति बैंक्वेट हॉल में कैटरिंग में खाना बनाने में काम करता है। 11 फरवरी की रात वह बैंक्वेट हॉल से निकल सड़क पार कर शहर की ओर जा रहा था तभी तेज गति से जा रहे बाइक सवारों ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में प्रदीप गिर पड़ा और उसका सिर फट गया। उसे निजी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है। उसके तहेरे भाई रतन ने काठगोदाम थाने में प्राथमिकी दर्ज कराते हुए बाइक सवार पर शराब पीकर वाहन चलाने का आरोप लगाया है।
हिट एंड रन के दोनों मामलों में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस को स्टंटबाजी करने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाने के निर्देश दिए गए हैं। – अमित कुमार सैनी, सीओ सिटी
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.