नेहरू प्लेस में पार्किंग संकट होगा खत्म छह मंजिला मल्टीलेवल पार्किंग शुरू
उपराज्यपाल वीके सक्सेना और सीएम रेखा गुप्ता ने किया शुभारंभ, जाम की समस्या होगी खत्म
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दक्षिणी दिल्ली के प्रमुख कारोबारी केंद्र नेहरू प्लेस में लंबे समय से चली आ रही पार्किंग की समस्या को बड़ी राहत मिली है। सोमवार को छह मंजिला अत्याधुनिक मल्टीलेवल कार पार्किंग का उद्घाटन उपराज्यपाल वीके सक्सेना और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने किया। इसके शुरू होने से बाजार क्षेत्र में अव्यवस्थित पार्किंग और जाम की समस्या में कमी आने की उम्मीद है।
नेहरू प्लेस देश के सबसे बड़े आईटी और इलेक्ट्रॉनिक्स बाजारों में गिना जाता है, यहां प्रतिदिन हजारों लोग खरीदारी और व्यावसायिक कार्यों के लिए पहुंचते हैं। सीमित सड़क किनारे पार्किंग और अनधिकृत खड़े वाहनों के कारण यहां अक्सर भीषण जाम लग जाता है। नई मल्टीलेवल पार्किंग इस दबाव को कम करने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है। यह छह मंजिला पार्किंग एक समय में 650 चारपहिया और 352 दोपहिया वाहनों को समायोजित कर सकती है। रोटेशन प्रणाली के आधार पर प्रतिदिन लगभग 2,000 वाहनों को यहां पार्किंग की सुविधा मिल सकेगी। इससे बाजार क्षेत्र की सड़कों पर अवैध पार्किंग कम होगी और यातायात अधिक सुव्यवस्थित रहेगा।
इस अवसर पर उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने कहा कि नेहरू प्लेस में इस स्वचालित मल्टीलेवल कार पार्किंग परिसर को सौंपना बहुत संतोषजनक है। इससे लंबे समय से चली आ रही सार्वजनिक आवश्यकता पूरी हुई है और क्षेत्र में अनधिकृत पार्किंग के कारण होने वाली पार्किंग भीड़-भाड़ और यातायात में काफी कमी आएगी। नेहरू प्लेस जिला केंद्र पुनर्विकास योजना के भाग के रूप में डीडीए ने विकसित किया था। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वे इस आधुनिक सुविधा का उपयोग करें।
और हरित और स्मार्ट दिल्ली के हमारे सामूहिक विजन का समर्थन करें। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि राजधानी के व्यस्त बाजारों में पार्किंग की कमी एक बड़ी चुनौती रही है। सरकार चरणबद्ध तरीके से ऐसे क्षेत्रों की पहचान कर रही है, जहां मल्टीलेवल पार्किंग या स्वचालित पार्किंग ढांचे विकसित किए जा सकते हैं। उन्होंने बताया कि उपलब्ध सरकारी भूमि का उपयोग कर भविष्य में भी ऐसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
=================================
पूर्वी दिल्ली में बनेंगे पांच नए फुटओवर ब्रिज, पैदल यात्रियों को मिलेगी राहत
सीएम ने पूर्वी दिल्ली को 1075 करोड़ की दी सौगात
, 236 सड़कों के सुदृढ़ीकरण का शिलान्यास
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को पूर्वी दिल्ली के विवेक विहार स्थित रामलीला मैदान में लगभग 1075 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इस दौरान केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्यमंत्री हर्ष मल्होेत्रा भी मौजूद थे। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री प्रवेश वर्मा, विधायक अरविंदर सिंह लवली, अभय वर्मा, ओमप्रकाश शर्मा, संजय गोयल, अनिल गोयल, रविंद्र नेगी व रविकांत भी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि संतुलित विकास के लिए मजबूत बुनियादी ढांचा आवश्यक है। उन्होंने पूर्व की सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्षों तक सत्ता में रहने के बावजूद यदि किसी क्षेत्र की सड़कों, नालियों और बुनियादी सुविधाओं की हालत नहीं सुधरती, तो यह प्रशासनिक विफलता का संकेत है।
उन्होंने कहा कि अब राजनीति नहीं, नतीजों का वक्त है। दिल्ली का कोई भी इलाका विकास से वंचित नहीं रहेगा। परियोजनाओं के तहत लोक निर्माण विभाग लगभग 782 करोड़ रुपये की लागत से पूर्वी दिल्ली की 236 सड़कों का सुदृढ़ीकरण करेगा। इससे ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार होगा और नागरिकों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी। साथ ही करीब 21 करोड़ रुपये की लागत से पांच फुटओवर ब्रिज भी बनाए जाएंगे, जिससे पैदल यात्रियों को राहत मिलेगी। सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग के तहत लगभग 272 करोड़ रुपये की परियोजनाएं शुरू की जा रही हैं।
इनमें 10 नालों का पुनर्निर्माण, तीन नालों का सुधार, 24 बाउंड्रीवॉल का निर्माण और 18 सड़कों और पुलों का निर्माण शामिल है। इन कार्यों से जल निकासी प्रणाली मजबूत होगी और बारिश के दौरान जलभराव की समस्या में कमी आने की उम्मीद है।
========================================
महिला के कपड़े पहनकर सेंटर में घुसा, साली का गला रेता, गंभीर
पीड़िता के थेरेपी सेंटर में घुसा था आरोपी जीजा, लोगों ने पकड़ा
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। रोहिणी सेक्टर-24 में सोमवार सुबह एक थेरेपी सेंटर की संचालिका दिव्या का गला उसके जीजा ने चाकू से रेत दिया। पीड़िता की हालत नाजुक बनी है। उसे अंबेडकर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोपी को स्थानीय लोगों ने छत से पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
वेस्ट मेगा मॉल की इमारत में चल रहे थेरेपी सेंटर में सुबह करीब 12.21 बजे वारदात हुई। आरोपी जय प्रकाश यादव महिला के कपड़े पहनकर सेंटर में घुसा और अपनी साली का गला रेत दिया। घायल दिव्या शोर मचाते हुए बाहर निकली तो आसपास के लोग जुट गए। हमले के बाद आरोपी इमारत की छत पर पहुंचा, कपड़े बदलकर बैग में रखे और पड़ोस की छतों पर छलांग लगाते हुए भागने लगा। स्थानीय लोगों ने पीछा कर उसे एक मकान की छत से दबोच लिया। पुलिस ने उसके पास से बैग, महिलाओं के कपड़े और चाकू बरामद किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही।
आरोपी का पत्नी से है विवाद : अतिरिक्त पुलिस आयुक्त राजीव रंजन ने बताया कि आरोपी नजफगढ़ का निवासी है और पेशे से कोचिंग सेंटर में शिक्षक है। शुरुआती जांच में सामने आया कि उसकी पत्नी अंकिता से घरेलू विवाद चल रहा है और तलाक का मामला अदालत में लंबित है। अंकिता की शादी जनवरी 2024 में हुई थी और उनका 11 महीने का बेटा है। परिजनों का आरोप है कि दिव्या अपनी बहन की मदद कर रही थी, जिससे नाराज होकर आरोपी ने हमला किया।
पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया है और उससे पूछताछ जारी है।
=============================================
दिल्ली पुलिस का विशेष प्रकोष्ठ बनेगा
देश का सबसे आधुनिक सुरक्षा केंद्र : शाह
गृह मंत्री ने कहा- स्पेशल सेल के एकीकृत मुख्यालय से आतंकवाद विरोधी अभियानों को मिलेगा बल
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को दिल्ली पुलिस के 79वें स्थापना दिवस समारोह में शिरकत की। उन्होंने कहा कि 368 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित हो रहा दिल्ली पुलिस के विशेष प्रकोष्ठ का एकीकृत मुख्यालय आतंकवाद और अपराध से निपटने का एक प्रभावी साधन बनेगा।
मुख्यअतिथि के रूप में पहुंचे गृहमंत्री ने कहा कि यह नई सुविधा मादक पदार्थों के नेटवर्क, संगठित अपराध और आतंकी गतिविधियों से निपटने के लिए देश का सबसे आधुनिक केंद्र बनकर उभरेगी। दिल्ली पुलिस आयुक्त सतीश गोलछा और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में उन्होंने परियोजना की ई-आधारशिला रखी।
गृह मंत्री ने कहा कि एकीकृत मुख्यालय में अत्याधुनिक इनडोर फायरिंग रेंज, वॉर रूम, साइबर प्रयोगशालाएं, प्रशिक्षण हॉल और अन्य आधुनिक सुविधाएं होंगी। दिल्ली न केवल राष्ट्रीय राजधानी है, बल्कि देश के लोकतांत्रिक और संवैधानिक संस्थानों का केंद्र भी है, जहां राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के आवास और कार्यालयों सहित कई महत्वपूर्ण प्रतिष्ठान स्थित हैं।
10 नई परियोजनाओं की आधारशिला रखी गई : समारोह में दिल्ली पुलिस की 10 नई परियोजनाओं की आधारशिला रखी गई। लगभग 857 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित सुरक्षित शहर परियोजना के पहले चरण की आधारशिला रखी गई। इस परियोजना के तहत दिल्ली के लोगों को समर्पित एक आधुनिक एकीकृत कमान, नियंत्रण, संचार और कंप्यूटर केंद्र (सी4आई) स्थापित किया गया है।
केंद्रीय गृहमंत्री ने कहा कि यह केंद्र बल की निगरानी, समन्वय और वास्तविक समय में प्रतिक्रिया देने की क्षमताओं को महत्वपूर्ण रूप से बढ़ाएगा। उन्होंने कहा कि राजधानी को 10,000 कैमरों से जोडऩे की योजना के पहले चरण के तहत 2,100 कैमरे पहले ही चालू हो चुके हैं। इसके अलावा, शहर भर में मौजूद 15,000 से अधिक कैमरों को केंद्रीय प्रणाली से एकीकृत किया गया है।
सी4आई केंद्र आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा : अधिकारियों के अनुसार सी4आई केंद्र चेहरे की पहचान, भीड़ की निगरानी और डेटा विश्लेषण जैसी उन्नत सुविधाओं लैस होगा, जिससे अपराध का पता लगाने और सार्वजनिक सुरक्षा प्रबंधन में सुधार होगा। शाह ने कहा कि सुरक्षित शहर परियोजना से राजधानी में महिलाओं की सुरक्षा और शहरी पुलिसिंग के समग्र मानकों में काफी सुधार होगा।
दिल्ली में तीन नए थाने और छह नई पुलिस चौकियां होंगी स्थापित
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने अपने 79वें स्थापना दिवस के अवसर पर सुरक्षित शहर परियोजना के तहत बुनियादी ढांचे और प्रौद्योगिकी उन्नयन से जुड़ी कई पहल की घोषणा की है। इसमें निगरानी प्रणालियों का विस्तार और नई सुविधाओं का निर्माण शामिल है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि आपात स्थितियों और बड़ी घटनाओं के दौरान जमीनी समन्वय को बेहतर बनाने के लिए मोबाइल कमांड वाहनों को भी तैनात होंगे। इसके अलावा, तीन नए थाने और छह पुलिस चौकियां स्थापित होंगी। अधिकारियों ने बताया कि रोहिणी में महिला पुलिस कर्मियों के लिए सात मंजिला हॉस्टल का निर्माण किया जाएगा, जिसमें 132 कर्मचारियों के रहने की क्षमता होगी। ब्यूरो
दिल्ली पुलिस ने सरदार पटेल के 32 फीट ऊंचे पोर्ट्रेट का किया अनावरण
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने आज अपने 79वें स्थापना दिवस पर पुलिस मुख्यालय, जय सिंह रोड पर लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल का भव्य 32 फीट ऊंचा 3 डी पोर्ट्रेट का अनावरण किया। दिल्ली पुलिस आयुक्त सतीश गोलचा ने मुख्यालय भवन की सामने वाली कांच की दीवार पर लगे इस शानदार पोर्ट्रेट का उद्घाटन किया। यह अनावरण वरिष्ठ अधिकारियों और पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में हुआ, जिसमें लौह पुरुष को श्रद्धांजलि दी गई। आयुक्त ने मुख्यालय के रिसेप्शन क्षेत्र में बेस्ट पुलिस स्टेशन इन द कंट्री ट्रॉफी के लिए विशेष डिजाइन वाला विट्रिन मॉडल भी अनावरण हुआ। पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक कदम बढ़ाते हुए उन्होंने परिसर में पौधारोपण भी किया। तकनीकी पहल को मजबूत करते हुए आयुक्त ने पुलिस क्लीयरेंस सर्टिफिकेट (पीसीसी) और कैरेक्टर वेरिफिकेशन रिपोर्ट के लिए नया एप्लिकेशन लॉन्च किया। ब्यूरो
======================================
चरित्र पर संदेह के चलते सीए ने बैंक की डिप्टी मैनेजर पत्नी को मार डाला
हांसी से गुरुग्राम जाते वक्त बादली के पास रविवार की रात कार में दिया वारदात को अंजाम
पुलिस को गुमराह करने के लिए आरोपी पति ने रची लूट और हत्या की झूठी कहानी
संवाद न्यूज एजेंसी
बादली/बहादुरगढ़/गुरुग्राम। चरित्र पर संदेह के चलते सनकी पति ने गुरुग्राम में एचडीएफसी बैंक में डिप्टी मैनेजर पत्नी महक कथूरिया (26) की गले में कैंची घोंप हत्या कर दी। वारदात रविवार की रात करीब साढ़े नौ बजे बादली स्थित पाहसौर गांव के पास हुई। हत्या के बाद आरोपी पति पेशे से सीए हिसार निवासी अंशुल ने शव रजबहे में फेंक दिया और लूट और हत्या की झूठी कहानी रची। हालांकि, पुलिस ने संदेह के आधार पर अंशुल को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने हत्या का राज उगल दिया।
बादली थाने के एसएचओ सुरेश कुमार ने बताया कि तिकोना पार्क हांसी निवासी महक कथूरिया अपने पति अंशुल धवन के साथ रविवार की रात हिसार से गुरुग्राम के लिए निकली थीं। रास्ते में पति-पत्नी में किसी बात को लेकर विवाद हुआ। मामला इतना बढ़ गया कि अंशुल ने महक को पहले कार में पीटा, फिर बाहर निकलकर दो बार गले में कैंची घोंपकर उसे मौत के घाट उतार दिया।
आरोपी ने वारदात को लूट दिखाने के लिए महक के पहने गहने उतारकर घटना स्थल के पास रजबहे में फेंक दिए। फिर हाईवे से गुजर रहे कार चालकों से मदद मांगी। एक कार चालक ने ही पुलिस को वारदात की सूचना दी।
एसएचओ सुरेश कुमार ने बताया कि अंशुल ने कार में महक से मारपीट के बाद ग्लग्ज पहनकर पत्नी पर कैंची से दो वार किए ताकि कैंची पर उसके फिंगरप्रिंट न आएं। हमले में महक लहूलुहान होकर मौके पर ही गिर पड़ीं और कुछ ही देर में उनकी मौत हो गई। घटना की शुरुआत से ही पुलिस को अंशुल पर संदेह हो गया था और जब उसे कड़ाई से पूछताछ की गई तो उसने चरित्र पर संदेह के चलते पत्नी की हत्या की बात कबूल ली।
दो माह की गर्भवती थी महक, पांच माह पूर्व हुई थी शादी : वारदात की सूचना पर देर रात महक के परिजन हांसी से बादली पहुंचे। परिजनों ने बताया कि महक की 25 सितंबर 2025 को हिसार निवासी अंशुल धवन से शादी हुई थी। वह दो माह की गर्भवती थी। पिता कृष्ण कथूरिया, मां डिंपल, बहन श्रुति रखेजा और भाई अक्षय ने महक के पति अंशुल पर गंभीर आरोप लगाए। कहा, शादी के बाद से ही अंशुल लगातार महक को मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था। आरोप लगाया कि हत्या अचानक नहीं बल्कि लंबे समय से की जा रही साजिश के तहत की गई।
महक ने खाईं थीं मां के हाथों की बनीं सेवइयां
हांसी। करीब 24 घंटे पहले बेटी के मायके आने पर तिकोना पार्क के समीप सेठी चौक स्थित कृष्ण कथूरिया का घर-आंगन खुशियों से महक रहा था। बेटी महक को सेवइयां पसंद थी तो मां ने पहले जी भर के हाथों से खिलाया और बाद में खाने के लिए आधा किलो सेवइयां उसे दे भी दीं। लेकिन, किसे पता था यह मुलाकात न भूलने वाली याद बन जाएगी। सोमवार शाम करीब पौने छह बजे जैसे ही उसका शव घर पहुंचा परिजनों ही नहीं वहा मौजूद हर किसी की आंखें नम हो गईं। सबके मन में यह सवाल था कि कैसे उनकी बेटी को दामाद अंशुल ने मौत के घाट उतार दिया। परिजनों का कहना है कि महक रविवार शाम को मायके आई थी। वह जल्द फिर मिलने का वादा करके घर से निकली थी लेकिन ताउम्र साथ निभाने का वादा करने वाले ने अंशुल ने एक ही झटके में भरोसा और उनकी बेटी की जिंदगी की डोर तोड़ दी। महक की शादी 25 सितंबर 2025 को हिसार के सेक्टर 33 निवासी अंशुल धवन से हुई थी। संवाद
महक के भाई अक्षय की शिकायत पर आरोपी पति के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। मौके पर सबूत जुटाने के लिए एफएसएल टीम की मदद ली गई है। आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया है। -सुरेश कुमार, एसएचओ, थाना बादली।
==============================================
कुट्टू का आटा खाने से 150 लोग बीमार
अमर उजाला ब्यूरो
ग्रेटर नोएडा। रात साढ़े 11 बजे के करीब न्यूमेड अस्पताल में मरीजों को भर्ती कराने के लिए अफरातफरी मच गई। 15 बेड की इमरजेंसी में 37 मरीजों के पहुंचने पर इमरजेंसी की बाहर लॉबी में बेड की व्यवस्था की गई। अस्पताल प्रशासन ने चार सोसाइटी से आए 37 मरीजों को इलाज देना शुरु किया। जिन्हें सांस लेने में परेशानी हो रही थी।
अस्पताल प्रशासन के अधिकारियों ने बताया कि 37 मरीजों में से 10 की हालात में सुधार होने के बाद घर भेज दिया गया है। वहीं 12 मरीज एचडीयू में भर्ती हैं। रॉयल कोर्ट निवासी एक बुजुर्ग का इलाज आईसीयू में चल रहा है।
उन्होंने बताया कि 37 में से करीब 6 बच्चे भी शामिल हैं। बच्चों की आयु 5 से 12 वर्ष तक है। दो से तीन परिवार के सात से आठ से मरीज भर्ती है। सभी लोगों ने शाम के समय व्रत खोलने के लिए कुट्टू के आटे का सेवन किया था।
महाशिवरात्रि पर 5 सोसाइटियों व एक गांव में रहने वाले पीड़ितों ने खाया था एक ही ब्रांड का आटा
==================================
बिजनेस कॉन्क्लेव में अमर उजाला मीडिया पार्टनर, 17 से 19 फरवरी तक होगा आयोजन
एसआरसीसी बिजनेस कॉन्क्लेव का प्री-इवेंट बना यादगार, लॉन्च हुई थीम
संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स के सौवें स्थापना वर्ष के मौके पर आयोजित होने जा रहे एसआरसीसी बिजनेस कॉन्क्लेव के प्री-इवेंट ने राजधानी में माहौल बना दिया। अमर उजाला मीडिया पार्टनर के रूप में इस आयोजन से जुड़ा है।
12 फरवरी को कॉलेज परिसर में हुए इस प्री-इवेंट के दौरान कॉन्क्लेव की आधिकारिक थीम का अनावरण किया गया और तीन दिवसीय महाआयोजन के लिए मंच तैयार किया गया। इस साल कॉन्क्लेव की थीम ‘एक्सीलेंस की सदी: नीति, प्रगति और शांति को फिर से परिभाषित करना’ रखी गई है। यह थीम न सिर्फ एसआरसीसी की सौ साल की बौद्धिक विरासत को दर्शाती है, बल्कि आने वाली पीढ़ी की उस जिम्मेदारी को भी रेखांकित करती है, जिसके तहत उन्हें सतत विकास, दूरदर्शी सार्वजनिक नीति और वैश्विक सहयोग को नई दिशा देनी है।
17 से 19 फरवरी तक होगा आयोजन : एसआरसीसी बिजनेस कॉन्क्लेव का आयोजन 17 से 19 फरवरी को एसआरसीसी कॉलेज परिसर में किया जाएगा। यह कॉन्क्लेव अपने 18वें संस्करण में प्रवेश कर रहा है और इस बार इसका महत्व इसलिए भी बढ़ गया है, क्योंकि यह कॉलेज के सौवें वर्ष के साथ जुड़ा है। इस ऐतिहासिक संस्करण में देश के जाने-माने नीति निर्माता, मंत्री, सांसद और सैन्य अधिकारी शिरकत करेंगे। प्रमुख वक्ताओं में केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री चिराग पासवान, भारत के पूर्व मुख्य न्यायाधीश डी.वाई. चंद्रचूड़, केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर, सांसद तेजस्वी सूर्या और लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) जी.डी. बख्शी शामिल हैं। इनके अलावा कई नीति विशेषज्ञ, उद्योग जगत के दिग्गज और शिक्षाविद भी अपने विचार साझा करेंगे। इन सत्रों में आर्थिक ढांचे को मजबूत करने, नैतिक नेतृत्व को बढ़ावा देने, संस्थागत जवाबदेही, डिजिटल नवाचार और वैश्विक शांति जैसे मुद्दों पर गहन चर्चा होगी।
प्री-इवेंट में रहा उत्सव का माहौल
प्री-इवेंट की शुरुआत कॉलेज परिसर में थीम रिवील से हुई, जिसे खास कार्यक्रम और मनोरंजक प्रस्तुतियों के जरिए यादगार बनाया गया। इसके बाद प्रसिद्ध स्टैंड-अप कॉमेडियन विवेक समतानी, कौस्तुभ अग्रवाल और रजत सूद ने अपने हास्य और सहज अंदाज से छात्रों और दर्शकों को खूब गुदगुदाया। इस दौरान गंभीर विचार और हल्के-फुल्के मनोरंजन का अनूठा संगम देखने को मिला। इसी मंच से कॉन्क्लेव की आधिकारिक थीम लॉन्च की गई, जिसने आने वाले भव्य आयोजन की झलक पेश की।
===============================
चुनाव पूर्व सिद्धू दंपती की घर वापसी की जमीन तैयार करने में जुटा भाजपा नेतृत्व
कैप्टन अमरिंदर-कालिया से बात करने के बाद होगा अंतिम फैसला
नई दिल्ली। पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा सिद्धू दंपती की घर वापसी की जमीन तैयार करने में जुटी है। नवजोत सिंह सिद्धू और नवजोत कौर को वापस लाने के लिए रोडमैप करीब-करीब तैयार किया जा चुका है। शीर्ष नेतृत्व जल्द ही पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंद सिंह, पूर्व मंत्री मनोरंजन कालिया जैसे सिद्धू विरोधी पार्टी नेताओं से बात करेगा।
सूत्र ने बताया कि फिलहाल इस संबंध में प्रारंभिक बातचीत हुई है। कांग्रेस से पत्नी के निष्कासन के बाद सिद्धू फिलहाल कांग्रेस में हैं मगर यह दंपती लगातार कांग्रेस और पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पर निशाना साधने के साथ प्रधानमंत्री मोदी की तारीफ कर रहा है। सूत्र का कहना है कि इस संबंध में इसी महीने के अंत तक अंतिम फैसला हो सकता है। ब्यूरो
घर वापसी के विरोध में कई नेता
भाजपा की राज्य इकाई के कई नेता सिद्धू परिवार की घर वापसी के पक्ष में नहीं हैं। कैप्टन अमरिंदर से सिद्धू की अदावत कांग्रेस के समय से ही जारी है, जबकि कालिया समेत पार्टी के कुछ पुराने नेता भी नहीं चाहते सिद्धू की वापसी हो। इस संबंध में सूत्र ने कहा कि चूंकि अमरिंदर, रवनीत सिंह बिट्टू को लोकसभा चुनाव से पूर्व भाजपा में शामिल करने से भी पार्टी को कोई लाभ नहीं हुआ। ऐसे में इनके विरोध का बहुत ज्यादा असर नहीं पड़ेगा।
=====================================================
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.