बक्सर में बुधवार को अंतर्राष्ट्रीय दिव्यांग दिवस के अवसर पर दिव्यांगजनों ने अपनी विभिन्न समस्याओं और 21 सूत्री मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। वीर कुंवर सिंह चौक पर प्रदर्शनकारियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूंका और सरकार के खिलाफ जोर
सैकड़ों की संख्या में दिव्यांग जन ट्राईसाइकल और ई-रिक्शा जैसे साधनों से किला मैदान से जुलूस के रूप में निकले। यह जुलूस वीर कुंवर सिंह चौक पहुंचा, जहां उन्होंने अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया।
दिव्यांग पेंशन की कम राशि पर चिंता व्यक्त की
दिव्यांग संघ के जिला अध्यक्ष अगस्त उपाध्याय ने कहा कि यदि सरकार दिव्यांग अधिकार अधिनियम 2016 का सही ढंग से पालन करे, तो किसी मांग की आवश्यकता ही नहीं पड़ेगी। उन्होंने बिहार में दिव्यांग पेंशन की कम राशि पर चिंता व्यक्त की।
उपाध्याय ने बताया कि अन्य राज्यों में दिव्यांग पेंशन 1000 से 5000 रुपए तक मिलती है, जबकि बिहार में यह काफी कम है। उन्होंने दिव्यांग, वृद्ध और विधवाओं के लिए कम से कम 3000 रुपये मासिक पेंशन की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में प्रशासन उदासीन है, जिससे दिव्यांगजन परेशान हैं। सरकारी योजनाओं का लाभ भी उन्हें बड़ी मुश्किल से मिल पाता है।
21 सूत्री मांगों में 200 यूनिट मुफ्त बिजली भी शामिल
उनकी 21 सूत्री मांगों में 200 यूनिट मुफ्त बिजली, रोजगार के लिए बिना गारंटर ऋण, दिव्यांग मामलों में सरकारी वकील की बहाली, अत्याचार के मामलों में तत्काल कार्रवाई और 3000 रुपये प्रतिमाह पेंशन शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त, उन्होंने सरकारी भवनों में रैम्प की अनिवार्य व्यवस्था, प्रमाण पत्र में मनमानी पर रोक, भूमिहीन दिव्यांगों को 4 डिसमिल जमीन, प्राथमिकता पर शौचालय और आवास, तीन पहिया स्कूटी का प्रावधान, बाजार/चौक पर दुकान आवंटन, रेलवे स्टेशनों पर चार्जिंग पॉइंट, सूचना प्रणाली और व्हीलचेयर की व्यवस्था की भी मांग की।
रेलवे पास नियमों का सख्ती से पालन शामिल
अन्य मांगों में दिव्यांग कोच को अतिक्रमण मुक्त रखना और नियमित जांच, मोटराइज्ड गाड़ी रिपेयरिंग सेंटर, प्रशासनिक उत्पीड़न पर रोक, चौसा पावर प्लांट में योग्यतानुसार रोजगार, जिला दिव्यांग पुनर्वास भवन का निर्माण और रेलवे पास नियमों का सख्ती से पालन शामिल हैं।
दिव्यांगजनों ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने जल्द उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं की, तो उनका आंदोलन और तेज किया जाएगा।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.