बारुण सीएचसी में मरीजों के परिजन।
औरंगाबाद जिले के बारुण थाना क्षेत्र के तेंदुआ बिंदुलिया के टोला वीरपुर गांव में अचानक डायरिया से 2 लोगों की मौत हो गई है। वहीं, गांव के करीब 25 से 30 घरों में एक-एक मरीज है। अधिकांश घरों के मरीजों को उल्टी, दस्त और चक्कर आने जैसी शिकायतें देखी जा रही
मिली जानकारी के अनुसार, लगभग 5 दिन पहले गांव के दो लोगों में उल्टी-दस्त और कमजोरी के लक्षण दिखाई दिए। स्थानीय स्तर पर इलाज कराने के बावजूद हालत में सुधार नहीं हुआ और बीमारी तेजी से अन्य घरों में फैलने लगी।
मामले की जानकारी मिलने पर मरीजों का हालचाल जानने अस्पताल पहुंची डीडीसी अनन्या सिंह
पहले महिला, फिर मासूम की हुई मौत
डायरिया से सबसे पहले सोमवार को शांति देवी नाम की महिला की मौत हुई, जिसके दूसरे दिन यानी बुधवार को अमरेश भुइयां के 5 साल के बेटे सोनू कुमार की मौत हो गई। मासूम की मौत की सूचना पर पहुंची पुलिस ने बच्चे के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए कब्जे में ले लिया है, ताकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सके।
ग्रामीण राजकलिया देवी, कौशल्या देवी और पिंटू कुमार सहित कई लोगों ने बताया कि मरीजों में उल्टी, तेज दस्त, पेट दर्द और कमजोरी जैसे गंभीर लक्षण दिख रहे हैं। कुछ ग्रामीण बीमारी के अचानक फैलाव को अंधविश्वास से भी जोड़कर देख रहे हैं।
बीमार लोगों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कराया गया एडमिट
सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव पहुंची और बीमार लोगों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। अरुण भुइयां, अमरेश भुइयां, बबीता कुमारी, मैत्री कुमारी, रुबी कुमारी, सिंटू कुमार, रूकमणिया देवी, लक्ष्मीनिया देवी, गुप्तेश कुमार समेत दर्जनों लोग इलाजरत हैं। डॉक्टरों ने बताया कि सभी मरीज कोल्ड डायरिया से पीड़ित हैं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए थाना अध्यक्ष रंजीत कुमार, स्वास्थ्य विभाग और पंचायत प्रतिनिधि गांव में कैंप कर लगातार निगरानी कर रहे हैं।
घटना की सूचना पर बुधवार को डीडीसी अनन्या सिंह भी वीरपुर गांव पहुंचीं। उन्होंने बताया कि कुल 18 मरीजों को बारुण सीएचसी में भर्ती किया गया था, जिनमें से चार की हालत नाजुक होने के कारण उन्हें औरंगाबाद सदर अस्पताल रेफर किया गया है। बाकी मरीजों की स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। प्रशासन ने साफ-सफाई बढ़ाने, पानी को उबालकर पीने और खुले में शौच न करने की अपील की है। गांव में क्लोरीन-युक्त पानी की आपूर्ति एवं दवा का छिड़काव भी शुरू कर दिया गया है ताकि संक्रमण को फैलने से रोका जा सके।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.