जिले के बाग स्थित कस्तूरबा गांधी छात्रावास में कक्षा ग्यारहवीं में अध्ययनरत एक छात्रा ने छात्रावास के ही कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के सामने आते ही पूरे परिसर में हड़कंप मच गया। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है और मामले को संदिग्ध माना जा रहा है।
बताया जा रहा है कि छात्रा कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास में रहकर अपनी पढ़ाई कर रही थी। परिजनों ने हादसे पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि छात्रा का निर्धारित कमरा दूसरा था, जबकि उसने किसी और कमरे में फांसी लगाई है। इससे छात्रावास प्रबंधन पर कई तरह के सवाल खड़े हो गए हैं।
ये भी पढ़ें: Bhind News: SBI अधिकारी बनकर TI से ओटीपी मांगा, थाना प्रभारी ने सूझबूझ से पकड़ी चाल, 20 मिनट में लोकेशन ट्रेस
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। हालात को नियंत्रित करने और जांच के लिए कुक्षी एसडीएम विशाल धाकड़, बाग थाना प्रभारी कैलाश चौहान सहित पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और मामले की बारीकी से जांच शुरू कर दी है।
शासकीय छात्रावास में छात्रा की इस तरह की मौत ने सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.