धनबाद जिले के बलियापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत पलानी गांव में उत्पाद विभाग ने शुक्रवार सुबह बड़ी कार्रवाई की। सहायक आयुक्त उत्पाद के निर्देश पर गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस छापेमारी में नकली अंग्रेजी शराब बरामद की गई और एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। इस अभियान में जिला पुलिस बल का भी सहयोग लिया गया। 18 से 25 लीटर नकली अंग्रेजी शराब बरामद उत्पाद विभाग को सूचना मिली थी कि पलानी स्थित शिवचरण महतो के घर में अवैध रूप से नकली अंग्रेजी शराब का भंडारण और कारोबार किया जा रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे उत्पाद सिपाहियों की टीम ने शिवचरण महतो के घर पर दबिश दी। छापेमारी की भनक लगते ही शराब हटाने का प्रयास किया गया, जिसके कारण मौके पर अपेक्षित मात्रा में शराब नहीं मिल सकी। हालांकि, तलाशी के दौरान टीम ने घर से लगभग 18 से 25 लीटर नकली अंग्रेजी शराब बरामद की। उत्पाद अधिकारी जॉय हेंब्रम ने बताया कि बरामद नकली अंग्रेजी शराब की अनुमानित कीमत 20 से 25 हजार रुपए है। उन्होंने पुष्टि की कि मौके से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है, जिससे गहन पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के आधार पर इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आने वाले दिनों में भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे उत्पाद अधिकारी ने यह भी बताया कि जिले में नकली और अवैध शराब का कारोबार न केवल सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि आम लोगों के स्वास्थ्य के लिए भी गंभीर खतरा है। विभाग ऐसे अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए नियमित रूप से छापेमारी अभियान चला रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आने वाले दिनों में भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे और अवैध शराब के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.