देवास में भारतीय क्रिकेट टीम की जीत के जश्न के दौरान सयाजी द्वार पर हुड़दंग हो गया। भीड़ में कुछ युवाओं ने पटाखे फेंकना शुरू कर दिया, जिससे दो सुरक्षाकर्मी घायल हो गए और सीएसपी के कान के पास बम फट गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा।
उज्जैन से आए सुरक्षा बल के दो जवान आशीष और सुनील इस घटना में घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। एक जवान को मुंह और सिर में चोट लगी। इसी दौरान सीएसपी सुमित अग्रवाल के कान के समीप भी एक बम फटा, जिसके बाद वे जांच के लिए एमजी अस्पताल पहुंचे।
ये भी पढ़ें: Indore News: जीत का जश्न मनाने राजबाड़ा पहुंची भीड़, पुलिस ने बैरिकेड्स लगाकर रोका, धक्का देकर पहुंचे लोग
सयाजी द्वार पर भारतीय टीम की जीत का जश्न मनाने के लिए बड़ी संख्या में शहरवासी एकत्र हुए थे। लोग रंग-गुलाल उड़ा रहे थे, तिरंगा लहरा रहे थे और आतिशबाजी कर रहे थे। हालांकि भीड़ में मौजूद कुछ हुड़दंगियों ने जलते पटाखे लोगों और भीड़ पर फेंकना शुरू कर दिए, जिससे वहां मौजूद परिवारों को परेशानी हुई और अफरा-तफरी मच गई।
हंगामे के बाद पुलिस ने लाठीचार्ज शुरू किया, फिर भी कुछ लोग विरोध करते हुए नजर आए और जमकर नारेबाजी भी करते रहे। बाद में यहां भारी पुलिस बल भी तैनात हो गया और जो लोग परिवार के साथ यहां आए थे उन्हें समझाइश देकर रवाना किया गया।
पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी के फुटेज के आधार पर हुड़दंगियों की तलाश शुरू कर दी है और कुछ लोगों को गिरफ्तार भी किया है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.