14 फरवरी से 16 फरवरी तक लागू रहेगा प्रतिबंध
प्रशासन के निर्देशानुसार 14 फरवरी 2026 की मध्यरात्रि से 16 फरवरी 2026 तक देवघर शहर की आंतरिक सीमा में भारी वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा. इस दौरान बस, ट्रक, ट्रैक्टर, कंटेनर और अन्य मालवाहक वाहनों को शहर में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी. इन वाहनों को शहर के बाहर निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट किया जाएगा. इसका मुख्य उद्देश्य शहर के भीतर जाम की स्थिति को रोकना और श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुगम बनाना है.
भारी वाहनों के लिए नया रूट प्लान
दुमका मार्ग से आने वाले भारी वाहनों को हिण्डोलावरण से बाईं ओर मोड़कर तपोवन, चड़की पहाड़ी और कोरियासा चौक होते हुए गिरिडीह की दिशा में भेजा जाएगा. गोड्डा मार्ग से आने वाले वाहनों को चौपा मोड़ से डायवर्ट किया जाएगा. गिरिडीह मार्ग से आने वाले वाहनों को कोरियासा चौक से पुराना कुण्डा मोड़ और तपोवन की ओर मोड़ते हुए दुमका की दिशा में भेजा जाएगा. वहीं रोहिणी शहीद द्वार और मेहर गार्डेन से भारी वाहनों को जसीडीह की ओर डायवर्ट किया जाएगा.टाभाघाट मोड़ से भागलपुर, दुमका और गोड्डा जाने वाले वाहनों को मोहनपुर की ओर भेजा जाएगा. मोहनपुर बाजार मोड़ से वाहन रिखिया होते हुए चकाई और जमुई की ओर निकलेंगे. पुराना कुण्डा थाना मोड़ और कोठिया मोड़ से भी वाहनों को वैकल्पिक मार्गों की ओर मोड़ा जाएगा, ताकि शहर के मुख्य हिस्सों में भीड़ कम रहे.
प्रमुख चौक-चौराहों पर रहेगी बैरिकेडिंग
शिव बारात के दौरान शहर के कई प्रमुख चौक-चौराहों पर ड्रॉप गेट और रोड स्लाइड बैरियर लगाए जाएंगे. के.के.एन. स्टेडियम, स्टेडियम बाईपास, फव्वारा चौक, बस स्टैंड, कुण्डा क्षेत्र, बाजला चौक, सुभाष चौक, बावन बीघा मोड़, परशुराम चौक, जैन मंदिर मोड़ और टावर चौक पर सामान्य वाहनों का प्रवेश अस्थायी रूप से बंद रहेगा. इन स्थानों पर केवल आवश्यक सेवाओं और प्रशासनिक वाहनों को ही अनुमति दी जाएगी. मध्य शहर और बाजार क्षेत्र में भी विशेष सतर्कता बरती जाएगी. आजाद चौक, भैरो बाजार, विद्यापति चौक, नरसिंह टॉकीज मोड़, शिक्षा सभा चौक और चांदनी चौक समेत कई स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती रहेगी.
श्रद्धालुओं को मिलेगी प्राथमिकता
मंदिर क्षेत्र में श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है. पटेल चौक, जलसार, सब्जी मंडी, जोड़ा तालाब, शिवगंगा मार्ग और बिलासी मार्ग को सुरक्षित जोन घोषित किया गया है. यहां श्रद्धालु पैदल पहुंचकर बाबा का जलार्पण कर सकेंगे. प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे निर्धारित रूट का पालन करें, अनावश्यक वाहन लेकर शहर में प्रवेश न करें और पुलिस-प्रशासन का सहयोग करें, ताकि महाशिवरात्रि का पर्व श्रद्धा, सुरक्षा और शांति के साथ संपन्न हो सके.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.