Deoghar News: बिहार भूमिहार एकता मंच के संस्थापक और भाजपा नेता आशुतोष कुमार के भाई आलोक की मौत मामले में राहुल चंद्रवंशी की गिरफ्तार की मांग तेजी से उठी है. आशुतोष कुमार अपने हजारों समर्थकों के साथ देवघर पहुंच गए हैं और राहुल चंद्रवंशी की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं.
मिली जानकारी के अनुसार, 9 दिसंबर को देवघर में एक सड़क हादसा हुआ था. इसी दौरान आलोक की मौत की खबर सामने आई थी. शुरुआती तौर पर इसे सड़क दुर्घटना बताया गया, लेकिन बाद में भाजपा नेता आशुतोष कुमार ने इस मामले को हत्या करार देते हुए झामुमो युवा मोर्चा के अध्यक्ष राहुल चंद्रवंशी पर अपने भाई की हत्या का आरोप लगाया है. इसी आरोप के बाद मामला तूल पकड़ता चला गया.
JMM युवा मोर्चा के अध्यक्ष हैं राहुल चंद्रवंशी
राहुल चंद्रवंशी झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के युवा मोर्चा के अध्यक्ष हैं और झारखंड की राजनीति में एक प्रभावशाली युवा नेता माने जाते हैं. आशुतोष कुमार का आरोप है कि उनके भाई की मौत एक साजिश के तहत कराई गई और दोषियों को बचाने की कोशिश हो रही है. उन्होंने राहुल चंद्रवंशी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हुए प्रशासन पर दबाव बढ़ाया है. इस बीच आशुतोष कुमार ने सोशल मीडिया के माध्यम से देवघर बंद का ऐलान किया है.
देवघर पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट
बंद के ऐलान के बाद देवघर पुलिस और जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है. शहर के संवेदनशील इलाकों, खासकर VIP चौक पर सैकड़ों की संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है. प्रशासन माइकिंग के जरिए लगातार लोगों से दुकानें खुली रखने, अफवाहों से दूर रहने और अनावश्यक भीड़ नहीं जुटाने की अपील कर रहा है. देवघर डीएसपी, मधुपुर डीएसपी समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद हैं. इसके अलावा हजारों पुलिसकर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है, ताकि कानून-व्यवस्था किसी भी हाल में बिगड़ने न पाए.
फिलहाल देवघर में स्थिति तनावपूर्ण
वहीं इस पूरे मामले को लेकर सियासी बयानबाजी भी तेज हो गई है. भाजपा नेताओं ने निष्पक्ष जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है, जबकि झामुमो की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है. फिलहाल देवघर में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है. आशुतोष कुमार और हजारों की संख्या में मौजूद उनके समर्थक लगातार राहुल चंद्रवंशी की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं. लेकिन, प्रशासन किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए तैयार है.
About the Author

A Multimedia Journalist having experience of more than 14 years in mainstream media Industry. Currently Working with Network 18 Media & Investment Limited for News18 Hindi Website as a Chief Sub Editor. He …और पढ़ें
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.