Deoghar Baba Darshan On New Year: देवघर के बाबा बैद्यनाथधाम में नववर्ष पर भारी भीड़ उमड़ती है. प्रशासन ने इस बार विशेष इंतजाम किए हैं, शीघ्र दर्शनम कूपन 600 रुपये का होगा, वीआईपी पूजा की इजाजत नहीं होगी.
नववर्ष में उमड़ती है श्रद्धालुओं की भीड़
हालांकि कुछ खास मौके ऐसे होते हैं, जब बाबा बैद्यनाथधाम में श्रद्धालुओं की संख्या सामान्य दिनों की तुलना में कई गुना बढ़ जाती है. इन्हीं में से एक अवसर है नववर्ष. जहां एक ओर लोग नए साल का स्वागत पार्टी और घूमने-फिरने के साथ करते हैं, वहीं समाज का एक बड़ा वर्ग ऐसा भी है, जो नए साल की शुरुआत भगवान के दर्शन और पूजा-पाठ के साथ करना चाहता है. इसी आस्था के चलते नववर्ष के दिन बाबा बैद्यनाथधाम में भारी भीड़ उमड़ती है.
क्या कहते हैं मंदिर प्रभारी
नववर्ष पर उमड़ने वाली इस भीड़ को लेकर जिला प्रशासन और मंदिर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है. श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं. मंदिर प्रभारी सह एसडीएम रवि कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नववर्ष के दिन मंदिर का पट सुबह 3 बजकर 5 मिनट पर खोल दिया जाएगा. इसके बाद सबसे पहले कांचाजल पूजा और सरदारी पूजा संपन्न कराई जाएगी.
आम श्रद्धालुओं का यह रहेगा रूट लाइन
आम श्रद्धालुओं के लिए सुबह 4 बजे से जलार्पण की अनुमति होगी. श्रद्धालुओं की कतार का संचालन जलसार चिल्ड्रेन पार्क से किया जाएगा, जो मानसरोवर, क्यू कॉम्प्लेक्स, ओवरब्रिज और संस्कार मंडप होते हुए गर्भगृह तक पहुंचेगी. इससे भीड़ का बेहतर प्रबंधन किया जा सकेगा और दर्शन व्यवस्था सुचारू रूप से चलती रहेगी.
शीघ्र दर्शनम कूपन के दाम में होगी बढ़ोतरी
वहीं नववर्ष के पहले दिन शीघ्र दर्शनम कूपन की दर में भी बदलाव किया गया है. सामान्य दिनों में जहां प्रति व्यक्ति कूपन शुल्क 300 रुपये रहता है, वहीं 1 जनवरी को इसे बढ़ाकर 600 रुपये कर दिया गया है. खास बात यह है कि इस दिन किसी भी प्रकार की वीआईपी पूजा या आउट ऑफ टर्न दर्शन की अनुमति नहीं होगी. प्रशासन का साफ कहना है कि सभी श्रद्धालु समान रूप से कतार में लगकर बाबा बैद्यनाथ का दर्शन करेंगे और नववर्ष की शुरुआत करेंगे.
About the Author
बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन एंड जर्नलिज़्म में मास्टर्स, गोल्ड मेडलिस्ट. पत्रकारिता का सफर दैनिक जागरण से शुरू हुआ, फिर प्रभात खबर और ABP न्यूज़ से होते हुए News18 Hindi तक पहुंचा. करियर और देश की …और पढ़ें
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.