दतिया शहर में नमी और हवा की बेहद धीमी रफ्तार के कारण ठंड के साथ घना कोहरा छा गया। हालात ऐसे रहे कि सुबह दृश्यता घटकर सिर्फ 20 मीटर तक सिमट गई। सड़कों पर वाहन रेंगते नजर आए और लोगों की सुबह की दिनचर्या भी प्रभावित हुई।
आईसीएआर–आईआईएसडब्ल्यूसी क्षेत्रीय केंद्र के अनुसार जिले का न्यूनतम तापमान 7.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह के समय हवा में नमी 97 प्रतिशत तक पहुंच गई, जबकि हवा की रफ्तार महज 0.8 किमी प्रति घंटा रही। दक्षिण दिशा से चल रही बेहद धीमी हवा के कारण नमी वातावरण में ही फंसी रही।
मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कारण
मौसम वैज्ञानिक वीरेंद्र सिंह यादव ने बताया कि अरब सागर से आई नमी और धूप न निकलने के कारण वातावरण में नमी जमा हो गई। जब नमी 100 प्रतिशत के करीब पहुंच जाती है और हवा कमजोर रहती है, तो बादल नीचे उतर आते हैं और कोहरे का रूप ले लेते हैं। इसी वजह से सुबह के समय घना कोहरा देखने को मिला।
आगे कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार आज आकाश आंशिक रूप से साफ रहने की संभावना है। दिन के तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा, लेकिन रात की ठंड बनी रहेगी। बारिश की कोई संभावना नहीं है। अगले छह दिनों तक सुबह हल्का से मध्यम कोहरा छाने के आसार हैं, जो धूप तेज होने के साथ धीरे-धीरे कम होगा।
खेती पर भी दिखने लगा असर
कोहरे और अधिक नमी का असर खेती पर भी दिखाई देने लगा है। कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को सब्जी और दलहनी फसलों में विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है। अधिक नमी और ओस के कारण फसलों में फफूंदजनित रोगों का खतरा बढ़ गया है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.