दिल्ली में आयोजित इंडिया AI इम्पैक्ट समिट के दौरान युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए विरोध प्रदर्शन के बाद अब भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) ने रायपुर में प्रदर्शन किया। शुक्रवार को दिल्ली में आयोजित समिट के दौरान युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम स्थल के बाहर विरोध जताया। कार्यकर्ताओं ने टी-शर्ट उतारकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि यह विरोध अमेरिका के साथ हुए व्यापार समझौते के खिलाफ था। इस दौरान भारत मंडपम स्थित समिट हॉल में कुछ समय के लिए व्यवधान भी उत्पन्न हुआ। इस घटना के विरोध में शुक्रवार को रायपुर में भाजयुमो ने कांग्रेस प्रदेश कार्यालय राजीव भवन के पास टर्निंग पॉइंट चौक पर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस और राहुल गांधी के खिलाफ नारेबाजी की और पुतला दहन किया। प्रदर्शन के दौरान भाजयुमो कार्यकर्ताओं में नाराजगी देखने को मिली। भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा ने कहा कि दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित एआई समिट के दौरान युवा कांग्रेस द्वारा अर्धनग्न प्रदर्शन किया गया, जिसका विरोध किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं देश की छवि को नुकसान पहुंचाती हैं। भाजयुमो ने बताया कि यह विरोध कार्यक्रम यहीं खत्म नहीं होगा। शनिवार को दोपहर 3 बजे कांग्रेस प्रदेश कार्यालय राजीव भवन का घेराव कर बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.