दिल्ली के समयपुर बादली में पत्नी समेत अपनी तीन बेटियों की गला रेतकर हत्या करने का आरोपी मुनचुन केवट बाढ़ अनुमंडल के मोकिमपुर गांव का रहने वाला है। इस जघन्य हत्याकांड की खबर मिलते ही गांव में शोक का माहौल छा गया है।
गांव स्थित घर पर उसके वृद्ध माता-पिता, रामबालक केवट और उनकी पत्नी रहते हैं। घटना की जानकारी मिलते ही मां गहरे सदमे में चली गई हैं और चुप्पी साधे हुए हैं। परिजनों के अनुसार मुनचुन साल-दो साल में एक बार माता-पिता का हालचाल लेने गांव आता था। पिछली बार वह अप्रैल महीने में पूरे परिवार के साथ एक शादी समारोह में शामिल होने गांव आया था।
मुनचुन के चार भाई हैं, जो अपने-अपने परिवार के साथ दिल्ली में रहते हैं और आजादपुर सब्जी मंडी में मजदूरी कर जीवनयापन करते हैं। आरोपी भी करीब 10 वर्षों से दिल्ली में रहकर काम कर रहा था। गांव में उसके माता-पिता खेती-बाड़ी का काम करते हैं। घटना की सूचना सुबह करीब छह बजे परिजनों को मिली। उन्होंने दिल्ली में रह रहे सभी भाइयों से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कई नंबर स्विच ऑफ मिले।
बताया जाता है कि मुनचुन का ससुराल बदरबाली गांव में है। हत्या की खबर मिलने के बाद ससुराल पक्ष के कुछ लोग मोकिमपुर गांव पहुंचे। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। ग्रामीणों के मुताबिक, ससुराल पक्ष के लोग मुनचुन के पिता और भाई को अपने साथ ले जाने लगे, जिससे गांव में भीड़ जुट गई। बाद में माहौल शांत कराया गया और मामला बाढ़ थाना तक पहुंचा।
पढ़ें: बरात से लौटने के दौरान होम्योपैथिक चिकित्सक की सड़क दुर्घटना में मौत, परिजनों में मचा कोहराम
ग्रामीण दयानंद प्रसाद ने बताया कि चारों भाई अलग-अलग रहते हैं और अपने-अपने काम में लगे हैं। परिवार का कहना है कि पति-पत्नी के बीच किसी विवाद की जानकारी उन्हें नहीं थी। परिजन यह भी कह रहे हैं कि हत्या मुनचुन ने की है या किसी ने साजिश के तहत उसे फंसाया है, यह जांच का विषय है।
आरोपी की बहन ने बताया कि वह किसी काम से पटना जा रही थीं, तभी उन्हें सूचना मिली कि उनके भाई की पत्नी और बच्चियों की हत्या कर दी गई है और उनका भाई फरार है। उन्होंने कहा कि परिवार को पहले किसी गंभीर विवाद की जानकारी नहीं थी। फिलहाल पूरे मामले को लेकर गांव में मातम और अनिश्चितता का माहौल है, जबकि सभी की नजरें पुलिस जांच पर टिकी हुई हैं।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.