22 जनवरी से करवट लेगा उत्तराखंड का मौसम
मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के मुताबिक, 22 जनवरी से राज्य के पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम करवट लेगा. इसकी शुरुआत हल्की बारिश और बर्फबारी से होगी, जबकि मैदानी इलाकों में घना कोहरा छाए रहने की उम्मीद है, जिससे ठिठुरन और बढ़ सकती है. 23 से 25 जनवरी के बीच मौसम का प्रभाव सबसे अधिक रहेगा, विशेष रूप से 23 और 24 जनवरी के लिए विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जो इस सीजन में बर्फबारी की पहली बड़ी चेतावनी है.
प्रदेश के इन जिलों में बारिश और बर्फबारी की संभावना
मौसम विभाग की विशेष प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों के लिए विशेष सावधानी बरतने की हिदायत दी गई है. इन जिलों में 2800 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी होने की प्रबल संभावना है. भारी हिमपात के कारण इन पर्वतीय क्षेत्रों में ‘शीत दिवस’ जैसी स्थिति बन सकती है, जिससे तापमान में भारी गिरावट दर्ज की जाएगी और जनजीवन प्रभावित होने के आसार हैं.
प्रशासन और मौसम विभाग ने भारी बर्फबारी की चेतावनी को देखते हुए यात्रियों और स्थानीय निवासियों के लिए परामर्श करना जारी किया है. 23 जनवरी को तीव्र हिमपात के कारण पर्वतीय जिलों की मुख्य सड़कों और संपर्क मार्गों के बंद होने का खतरा है. ऐसे में लोगों को अनावश्यक यात्रा न करने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है. इसके अलावा बर्फबारी से बिजली और पानी की आपूर्ति बाधित होने की भी आशंका है, जिसके लिए स्थानीय प्रशासन को सतर्क कर दिया गया है.
आने वाली चुनौतियों को देखते हुए लोगों को खाद्य सामग्री और आवश्यक दवाओं का स्टॉक पहले से ही रखने का सुझाव दिया गया है. वहीं बुधवार को पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा और सुबह-शाम पाला गिरने से कड़ाके की ठंड पड़ेगी, वहीं 22 तारीख से शुरू होने वाला यह मौसमी बदलाव उत्तराखंड के सूखे पहाड़ों को फिर से गुलजार कर सकता है. यह बर्फबारी न केवल पर्यावरण और जल स्रोतों के लिए संजीवनी का काम करेगी, बल्कि पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों के लिए भी शुभ संकेत लेकर आई है. वहीं आज के मौसम की बात करें तो आज प्रदेश के पर्वतीय जिलों में कहीं -कहीं पाला पड़ने की संभावना है. आज देहरादून का आसमान मुख्यतः साफ रहेग . राजधानी का अधिकतम तापमान 25°C और न्यूनतम तापमान 07°C के लगभग रहने की संभावना है.
मुक्तेश्वर के न्यूनतम तापमान 1.9 डिग्री सेल्सियस
मौसम विभाग के मुताबिक, बीते रोज देहरादून का अधिकतम तापमान 25.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 7.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. पंतनगर का अधिकतम तापमान 24.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस रहा. मुक्तेश्वर का अधिकतम तापमान 15.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 1.9 डिग्री सेल्सियस रहा जबकि नई टिहरी का अधिकतम तापमान 15.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 3.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.