सुबह होते ही कोहरे की आगोश में आ जाते हैं राज्य के 6 जिले
मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक, बीते कई दिनों से उत्तराखंड के 6 जिलों में ज्यादा कोहरा देखने के लिए मिल रहा है. राजधानी देहरादून समेत इन 6 जिलो में सुबह होते ही घना कोहरा हो जाता है. हरिद्वार,ऊधमसिंह नगर, देहरादून, नैनीताल, पौड़ी और चंपावत के मैदानी इलाकों में घने कोहरे से लोगों को परेशानी होती है. ऊधमसिंह नगर और हरिद्वार जैसे प्रदेश के मैदानी जिलों में कोहरे का जबरदस्त प्रकोप देखा जा रहा है इससे विजिबिलिटी (दृश्यता) कम होने के चलते सड़क यातायात पर बुरा असर पड़ा है. आज भी मौसम विभाग द्वारा राज्य के 6 जिलों में कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया गया है. सुबह और शाम के समय मैदानों में गलन वाली ठंड महसूस की जा रही है, जिससे तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है.
पाला गिरने से जमने लगी पेयजल लाइनें
उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जैसे उच्च हिमालयी जिलों में आसमान साफ है. हालांकि, धूप खिलने के बावजूद सुबह और रात के समय कड़ाके की ठंड पड़ रही है. ऊंचाई वाले क्षेत्रों में पाला गिरने से पेयजल लाइनें जमने लगी हैं और रास्तों पर फिसलन बढ़ गई है और हादसों का खतरा भी इससे बढ़ जाता है. फिलहाल आज इन जिलों में बारिश या बर्फबारी की कोई तात्कालिक चेतावनी नहीं है, लेकिन ठंड का तीखापन बरकरार रहेगा.
नए साल पर बर्फबारी की संभावना जिससे खिले पर्यटकों के चेहरे
सैलानियों के लिए अच्छी खबर यह है कि नए साल का स्वागत बर्फबारी के साथ हो सकती है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 30 दिसंबर से 1 जनवरी के बीच प्रदेश के मौसम में बदलाव आने की संभावना है. राज्य के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी और निचले इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है. धनोल्टी, औली, हर्षिल और मुनस्यारी जैसे पर्यटन केंद्रों में बर्फबारी की उम्मीद के चलते होटलों की बुकिंग में उछाल देखा जा रहा है.
मौसम के पूर्वानुमान के मुताबिक आज प्रदेश के सभी जनपदों का मौसम शुष्क बना रहेगा. हरिद्वार, उधम सिंह नगर, नैनीताल चंपावत, देहरादून और पौड़ी जिलों के मैदानी क्षेत्रों में कहीं-कहीं घना कोहरा छाए रहने की संभावना है जिसे लेकर मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है. वहीं देहरादून में भी आज सुबह के वक्त कुहासा छाए रहने का अनुमान है जबकि आज राजधानी का आसमान साफ रह सकता है और कहीं बादल भी मंडरा सकते हैं . आज आज देहरादून का अधिकतम तापमान 23°C और न्यूनतम तापमान 08°C के लगभग रहने की संभावना है.
नई टिहरी का न्यूनतम तापमान 5.0 डिग्री सेल्सियस
मौसम विभाग के मुताबिक, बीते रोज देहरादून का अधिकतम तापमान 22.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं पंतनगर का अधिकतम तापमान 13.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस रहा. मुक्तेश्वर का अधिकतम तापमान 20.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 5.9 डिग्री सेल्सियस रहा जबकि नई टिहरी का अधिकतम तापमान 18.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 5.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.