Dehradun LPG Crisis: देहरादून में एलपीजी गैस सिलेंडर की कमी से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. पिछले कुछ दिनों से कई उपभोक्ताओं को गैस नहीं मिल पा रही है, जिससे घरों में चूल्हे ठंडे पड़ गए हैं. शहर में काम करने वाले कई लोग गैस एजेंसियों के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन सर्वर डाउन या स्टॉक खत्म होने की वजह से उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ रहा है. बढ़ती दिक्कत के बीच कुछ लोग महंगे दामों पर इंडक्शन खरीदने को मजबूर हो गए हैं.
तीन दिनों से नहीं जला चूल्हा
इन्हीं में से एक है देहरादून में रहने वाले अतुल जो पिछले तीन दिनों से गैस सिलेंडर के लिए परेशान हैं. उन्होंने बताया कि गैस खत्म होने के बाद से उनके घर में चूल्हा नहीं जला है. उन्होंने शहर की कई गैस एजेंसियों में जाकर सिलेंडर लेने की कोशिश की, लेकिन हर जगह उन्हें मायूसी ही हाथ लगी. अतुल ने बताया कि कई बार गैस एजेंसी गए, लेकिन कभी सर्वर डाउन होने की बात कही गई तो कभी स्टॉक खत्म होने का बहाना बना दिया गया. इस वजह से उन्हें हर बार खाली हाथ ही वापस लौटना पड़ा.
रिश्तेदारों से भी मांगी मदद, लेकिन नहीं मिला सिलेंडर
अतुल ने बताया कि उन्होंने अपने गांव में रहने वाले रिश्तेदारों और परिचितों से भी गैस सिलेंडर के लिए मदद मांगी. लेकिन इस मुश्किल समय में वहां से भी कोई मदद नहीं मिल सकी. उनका कहना है कि कई लोगों का खुद गैस सिलेंडर बुक नहीं हो पा रहा है, इसलिए लोग अपने पास मौजूद सिलेंडर को ही बचाकर रखना चाहते हैं. ऐसे में उन्हें कहीं से भी मदद नहीं मिल पाई.
इंडक्शन खरीदने को हुए मजबूर
गैस सिलेंडर न मिलने के बाद अतुल ने इंडक्शन चूल्हा खरीदने की कोशिश की. इसके लिए वह कई मॉल और दुकानों में भी गए, लेकिन वहां भी उन्हें आसानी से इंडक्शन नहीं मिला. उन्होंने बताया कि अचानक मांग बढ़ने के कारण इंडक्शन की कीमतें भी बढ़ गई हैं. जो इंडक्शन पहले करीब डेढ़ से दो हजार रुपए में मिल जाता था, अब उसकी कीमत करीब तीन हजार रुपए तक पहुंच गई है. आखिरकार उन्होंने इधर-उधर से पैसे उधार लेकर इंडक्शन खरीदा, ताकि किसी तरह घर में खाना बन सके.
कई लोग झेल रहे हैं यही परेशानी
अतुल की यह कहानी अकेले उनकी नहीं है. देहरादून में ऐसे कई लोग हैं जो अपने गांव और परिवार से दूर शहर में रहकर काम कर रहे हैं और अचानक आई इस समस्या से परेशान हैं. गैस सिलेंडर की कमी के कारण लोगों को रोजमर्रा के कामों में मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है. कई परिवारों में खाना बनाने तक की समस्या खड़ी हो गई है. ऐसे में लोग उम्मीद कर रहे हैं कि जल्द ही गैस की सप्लाई सामान्य हो और उन्हें इस परेशानी से राहत मिले.
About the Author
सीमा नाथ पांच साल से मीडिया के क्षेत्र में काम कर रही हैं. शाह टाइम्स, उत्तरांचल दीप, न्यूज अपडेट भारत के साथ ही लोकल 18 (नेटवर्क18) में काम किया है. वर्तमान में मैं News18 (नेटवर्क18) के साथ जुड़ी हूं, जहां मै…और पढ़ें
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.