Dehradun Jhanda Mela: देहरादून में विश्व प्रसिद्ध ‘झंडे जी मेले’ का भव्य आगाज हो चुका है. अगर आप भी खरीदारी के शौकीन हैं और बजट की चिंता किए बिना झोला भरकर सामान घर लाना चाहते हैं, तो यह मेला आपके लिए किसी जन्नत से कम नहीं है. यहां बाजार में 50 रुपये में मिलने वाली क्लिप और क्लेचर महज 5 रुपये में मिल रहे हैं, तो वहीं इंस्टाग्राम पर ट्रेंड करने वाली मल्टी-कलर चूड़ियां और घुंघरू वाले कंगन लड़कियों की पहली पसंद बने हुए हैं. बच्चों के खिलौनों से लेकर घर की क्रॉकरी तक, सब कुछ यहां सेल के भाव में उपलब्ध है.
बाजार से आधी से भी कम कीमत पर खरीदारी
मेले में पहुंची रिया कौर बताती हैं कि जो हेयर क्लेचर और क्लिप मार्केट में 20 से 30 रुपये की मिलती हैं, वे यहां मात्र 5 रुपये में मिल रही हैं. लड़कियों के लिए यहां मेकअप का सामान, ट्रेंडी ज्वैलरी, झुमके और चूड़ियों का जबरदस्त कलेक्शन मौजूद है. बच्चों के खिलौनों की रेंज भी 50 रुपये से शुरू हो जाती है. क्रॉकरी के शौकीन लोगों के लिए यहां 10 रुपये में कटोरी और चम्मच जैसे आइटम्स उपलब्ध हैं, जबकि खूबसूरत ट्रे और बाउल सेट 100 से 150 रुपये की रेंज में आसानी से मिल रहे हैं.
इंस्टाग्राम वाले ट्रेंडी कंगनों और चूड़ियों का क्रेज
सहारनपुर से आए व्यापारी जुनैद, जो पिछले कई सालों से यहां अपनी स्टॉल लगा रहे हैं, बताते हैं कि इस बार लड़कियों के बीच मल्टी-कलर चूड़ियों और घुंघरू वाले कंगनों की भारी डिमांड है. इंस्टाग्राम पर इन दिनों इनका काफी ट्रेंड चल रहा है, इसलिए वे इन्हें खास तौर पर यहां लेकर आए हैं. इसके अलावा जयपुरी बैंगल्स और ईद के लिए स्पेशल मैचिंग चूड़ियां भी लड़कियों को खूब पसंद आ रही हैं. बाजार में जो चूड़ा सेट 250 से 300 रुपये का मिलता है, वह यहां महज 100 रुपये में उपलब्ध है.
सिर्फ खरीदारी ही नहीं, जायके का भी है संगम
झंडे जी का मेला केवल सामान खरीदने के लिए ही नहीं, बल्कि अपने लजीज पकवानों के लिए भी मशहूर है. यहां आप देहरादून की प्रसिद्ध चाट, मिठाइयों और लस्सी का स्वाद ले सकते हैं. अन्य राज्यों से आए व्यापारी यहां की सांस्कृतिक विविधता में चार चांद लगा रहे हैं. कई परिवार यहां धार्मिक आस्था के साथ पहुंचते हैं और गुरुद्वारा मत्था टेकने के बाद मेले का आनंद लेते हैं.
घर के सामान के लिए भी है बेस्ट जगह
मेले में हाउस होल्ड आइटम्स, क्रॉकरी, कपड़े और घर को सजाने वाले डेकोरेटिव सामान की बड़ी रेंज मौजूद है. ज्यादातर घरेलू सामान 200 से 300 रुपये के अंदर मिल जाता है, जो आम मिडिल क्लास परिवारों के लिए बचत वाली खरीदारी का बड़ा मौका है. हस्तशिल्प और ट्रेडिशनल चीजों के साथ यह मेला देहरादून की पहचान बन चुका है.
About the Author
सीमा नाथ पांच साल से मीडिया के क्षेत्र में काम कर रही हैं. शाह टाइम्स, उत्तरांचल दीप, न्यूज अपडेट भारत के साथ ही लोकल 18 (नेटवर्क18) में काम किया है. वर्तमान में मैं News18 (नेटवर्क18) के साथ जुड़ी हूं, जहां मै…और पढ़ें
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.