Indigo Flight Cancellation Impact: इंडिगो एयरलाइन के ऑपरेशनल संकट के कारण कई उड़ानें रद्द हो रही हैं, जिससे यात्री और पर्यटक दोनों परेशान हैं. टिकट कैंसल होने और दूसरी एयरलाइन की महंगी फ्लाइट बुकिंग के चलते यात्रियों को आर्थिक और समय की दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है. इसके अलावा, ट्रेन और टैक्सी सेवाओं पर भी इसका असर पड़ा है, जिससे उत्तराखंड के पर्यटन और होटल व्यवसाय को नुकसान का खतरा है.
देहरादून: इंडिगो की कई उड़ानें रद्द हो रही हैं, जिससे देशभर में हवाई सफर करने वाले यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. देहरादून में भी इंडिगो की कुछ उड़ानें रद्द हो रही हैं. ऐसे में यहां आने वाले पर्यटक और आम यात्री काफी परेशान हैं. इंडिगो की टिकट कैंसल होने के बाद लोग अन्य एयरलाइन की फ्लाइट्स बुक कर रहे हैं, लेकिन उन्हें महंगी टिकट खरीदनी पड़ रही है. देहरादून एयरपोर्ट पर टैक्सी ड्राइवरों का काम भी प्रभावित हुआ है क्योंकि यात्री नहीं आ रहे हैं, जिससे उनका रोजगार मंदा हो गया है. वहीं, ट्रेन सेवाओं में भी मरम्मत और शॉर्ट टर्मिनेशन के कारण यात्रियों को इंतजार और डबल किराया जैसी दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं. सर्दियों में यह स्थिति आम जनता के लिए सफर और भी मुश्किल बना रही है.
यात्रियों को टिकट कैंसल में परेशानी का सामना
पिलौमी, जो मूल रूप से कोलकाता की रहने वाली हैं, देहरादून के ऋषिकेश में किसी कोर्स के लिए आई थीं. उनकी बहन भी आने वाली थी, लेकिन इंडिगो की फ्लाइट रद्द होने और टिकट कैंसल में दिक्कतों के कारण वह नहीं आ पाईं. पिलौमी ने बताया कि एयरपोर्ट पहुंचने के बाद उन्हें फ्लाइट रद्द होने का मेल मिला, लेकिन रिफंड कब तक होगा इसकी कोई जानकारी नहीं थी. कम्युनिकेशन गैप की वजह से उन्हें इंडिगो कर्मचारियों से भी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिली. रिटर्न टिकट 10 दिसंबर का था, लेकिन भरोसा न होने के कारण उन्होंने महंगी एयर इंडिया फ्लाइट बुक की. उन्होंने बताया कि इस प्रक्रिया में उनका समय और पैसा दोनों बर्बाद हुआ. यह भी पढ़ें: जब IndiGo लड़खड़ाया, पूरा सिस्टम हिल गया, 60% रूट्स पर है कंपनी की मोनोपोली
डोमेस्टिक फ्लाइट्स की कीमतें आसमान पर
पिलौमी ने बताया कि इंडिगो की फ्लाइट रद्द होने से दूसरी एयरलाइन की टिकट की कीमतें बढ़ गई हैं. बीते बुधवार को देहरादून से दिल्ली और कोलकाता जाने के लिए एयर इंडिया की टिकट 71 हजार रुपए दिखी, लेकिन गुरुवार को उन्हें 90 हजार रुपए की टिकट दिखाई गई. उन्होंने कहा कि इतनी कीमत में तो लंदन (यूके) भी जा सकती हैं. इससे यात्रियों पर आर्थिक दबाव बढ़ा है और डोमेस्टिक यात्रा महंगी और मुश्किल हो गई है.
इंडिगो संकट से उत्तराखंड के पर्यटन पर असर
विशेषज्ञों का मानना है कि उत्तराखंड में क्रिसमिस और नए साल के जश्न के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक आते हैं, जिनमें उद्योगपति, खिलाड़ी और एक्टर्स भी शामिल हैं. लेकिन इंडिगो संकट के कारण देहरादून के जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर पहुंचना मुश्किल हो गया है. इससे मसूरी, चकराता और टिहरी जैसी जगहों पर पर्यटकों की संख्या घट सकती है और होटल व्यवसाय और पर्यटन पर असर पड़ सकता है. इस बीच सिविल एविएशन मंत्रालय ने एयरलाइन की उड़ानों में 5 प्रतिशत कटौती का आदेश दिया है, ताकि संकट को नियंत्रित किया जा सके.
About the Author
Seema Nathसीमा नाथ पांच साल से मीडिया के क्षेत्र में काम कर रही हैं. मैने शाह टाइम्स, उत्तरांचल दीप, न्यूज अपडेट भारत के साथ ही लोकल 18 ( नेटवर्क 18) में काम किया है. वर्तमान में मैं News 18 (नेटवर्क 18) के साथ जुड़ी हूं…और पढ़ें