इसराना-समालखा रोड पर बुधवार रात करीब आठ बजे अज्ञात वाहन की चपेट में आने से घायल बांध गांव के टिंकू (24) को दिल्ली के एक निजी अस्पताल में मृत घोषित कर दिया था। परिजन युवक को पीजीआई रोहतक लेकर आ रहे थे। इस दौरान युवक की सांस चलने लगी। युवक का पीजीआई रोहतक में इलाज चल रहा है। परिवार के लोगों की भी उसके इलाज में सुधार से उम्मीद बंधी है। अब यह जांच का विषय है कि यह निजी अस्पताल की लापरवाही थी या सच में ही कोई चमत्कार हुआ है।
अज्ञात वाहन ने मारी बाइक को टक्कर
बांध गांव के स्वर्ण ने बताया कि उनका भतीजा टिंकू ब्राह्मण माजरा गांव स्थित एक फैक्टरी में काम करता है। युवक नाइट शिफ्ट में बुधवार को घर से ड्यूटी पर जाने के लिए बाइक पर निकला था। इसराना-समालखा रोड पर शिवालिक पब्लिक स्कूल के नजदीक एक अज्ञात वाहन ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। जिसमें टिंकू गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों ने उसको इसराना के एक निजी अस्पताल में दाखिल करवाया। वे सूचना मिलते ही अस्पताल पहुंचे। टिंकू को पानीपत के एक अस्पताल में ले गए। जहां उनको दिल्ली ले जाने की सलाह दी। युवक को दिल्ली के एक अस्पताल में ले जाया गया। यहां चिकित्सकों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। परिजनों का मन नहीं माना तो वे युवक को पीजीआई रोहतक ले जा रहे थे। इस दौरान टिंकू के बीच रास्ते में सांस जुड़ गए। परिजनों ने पीजीआई में चिकित्सकों को पूरा मामला बताया। चिकित्सकों ने युवक का इलाज शुरू कर दिया। युवक फिलहाल खतरे से बाहर हैं।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.