दतिया जिले के चिरुला थाना क्षेत्र के ग्राम फुलरा रोड पर बीते गुरुवार को मिले अज्ञात शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। मृतक की पहचान ग्वालियर निवासी 39 वर्षीय कल्याण सिंह जाट (पिता रामस्वरूप) के रूप में हुई है, जिसकी धारदार हथियार से गला रेतकर निर्मम हत्या की गई थी। वर्तमान में पुलिस ने घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज और कॉल डिटेल के आधार पर सोमवार को मृतक की पत्नी हेमलता और एक अन्य युवक अमित सूरी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है और इस मामले में आगे की पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ था कि युवक की हत्या धारदार हथियार से गला रेतकर की गई थी। हमले में उसकी श्वासनली पूरी तरह कट चुकी थी, जबकि उसके हाथ पर भी बचाव करने के दौरान कटने के निशान मिले हैं। पुलिस जांच में यह सामने आया कि हत्या घटनास्थल पर नहीं, बल्कि किसी अन्य स्थान पर की गई थी। आरोपियों ने हत्या के बाद सबूत मिटाने के इरादे से शव को लाकर फुलरा रोड के किनारे फेंक दिया था, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई थी। CCTV और कॉल रिकॉर्ड से पकड़े गए आरोपी
मामले की जांच आगे बढ़ने पर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) खंगाले। इन्हीं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने सोमवार को मृतक की पत्नी हेमलता और एक युवक अमित सूरी को हिरासत में लिया। पुलिस द्वारा की गई सघन पूछताछ के बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया और न्यायालय में पेश किया गया। 2015 में हुआ था प्रेम विवाह
बताया जा रहा है कि मृतक कल्याण सिंह ने वर्ष 2015 में हेमलता के साथ प्रेम विवाह किया था। यह हेमलता की दूसरी शादी थी। पहली शादी से उसके दो बच्चे हैं, जबकि उसके पहले पति की मौत हो चुकी है। कल्याण और हेमलता की कोई संतान नहीं थी। पुलिस इस रिश्ते के भीतर चल रहे विवाद और तीसरे व्यक्ति की भूमिका को ही इस हत्या का अहम एंगल मान रही है। एएसपी ने कहा- जल्द होगा पूरा खुलासा
पूरे मामले को लेकर एएसपी सुनील कुमार शिवहरे ने बताया कि, मामले में अहम साक्ष्य जुटा लिए गए हैं और बहुत जल्द पूरे हत्याकांड का खुलासा किया जाएगा। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या की साजिश कब और कैसे रची गई, तथा इसमें और कौन-कौन शामिल हो सकता है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.